कौशाम्बी। चायल तहसील क्षेत्र स्थित लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज में स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों ने प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं सामने रखीं।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में लाइट और पंखों की व्यवस्था ठीक नहीं है, वहीं पेयजल की समस्या भी बनी हुई है। बारिश के दौरान स्कूल की छत से पानी टपकने की समस्या से भी छात्र परेशान हैं।
इसके अलावा शौचालयों में गंदगी और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। छात्रों का कहना है कि इन समस्याओं के बीच पढ़ाई करना मुश्किल हो रहा है।
कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों से मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने तथा समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। छात्रों के प्रदर्शन के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।








