सामूहिक गायन में प्रथम, लघुनाटिका व शिल्पकला में द्वितीय तथा मूर्तिकला व चित्रकला में तृतीय स्थान
कौशाम्बी- मण्डलीय कला उत्सव कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को प्रयागराज स्थित सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में कौशाम्बी जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए धर्मा देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कला विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के सामूहिक गायन में विद्यालय की कक्षा 12वीं के छात्र गोलू कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लघुनाटिका में अर्चना देवी एवं टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। शिल्पकला समूह में निशा देवी ने द्वितीय स्थान, मूर्तिकला में शिखा साहू ने तृतीय स्थान तथा चित्रकला में शेफाली ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विजेता छात्र-छात्राओं को संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रयागराज मंडल आर.एन. विश्वकर्मा के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राम किरण त्रिपाठी ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी प्रतिभा, मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









