कौशांबी- विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी सोमवार को कौशांबी पहुंचे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान निषाद आरक्षण की मांग को लेकर गंगाजल हाथ में लेकर लोगों ने संकल्प लिया।
*उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अच्छे लाल निषाद भी कार्यक्रम में शामिल रहे।*
मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद आरक्षण संकल्प अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। VIP कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में गांव-गांव जाकर निषाद समाज के लोगों से संवाद करेंगे और आरक्षण की मांग को लेकर जागरूक करेंगे।

सहनी ने कहा कि आरक्षण का मुद्दा सिर्फ वर्तमान पीढ़ी का नहीं, बल्कि निषाद समाज के बच्चों की शिक्षा, रोजगार और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया कि अभियान से अब तक लाखों लोग जुड़ चुके हैं और करीब 50 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद आरक्षण के मुद्दे पर ठोस पहल होनी चाहिए। 30 नवंबर के बाद अभियान से मिले समर्थन और परिस्थितियों के आधार पर पार्टी अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति तय करेगी।
सहनी ने निषाद समाज के युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि “एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाइए।” उन्होंने कहा कि निषाद समाज के अधिकार और आरक्षण की मांग को लेकर VIP का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।









