कौशाम्बी। पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में पुलिस और एसओजी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में नामजद छठे आरोपी को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही विस्फोट मामले में नामजद सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें शामिल तीन महिलाओं को पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर किसी अन्य स्थान पर जाने से पहले गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, फरार तीनों पुरुष आरोपियों की तलाश में पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी के दौरान तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत
पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, तीन घायलों का प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
आरोपियों के घर और गोदाम जमींदोज
मामले में आरोपी नौशाद, आदिल और शकील के घरों और गोदामों पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान घर और गोदामों को जमींदोज कर दिया गया। पुलिस-प्रशासन की ओर से अब आरोपियों की अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई
पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में लापरवाही के आरोप में अब तक नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा करीब सात लेखपाल और एक कानूनगो के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मुठभेड़ के बाद शकील का वीडियो चर्चा में
शुक्रवार रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी शकील का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर हादसे में मृत लोगों के परिजनों से माफी मांगता नजर आ रहा है। शकील कथित तौर पर कह रहा है कि उसका सब कुछ खत्म हो गया है और उसके परिवार के लोग जेल भेजे जा चुके हैं। उसने मृतकों के परिजनों से उसे और उसके परिवार को माफ करने की अपील की।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की संपत्तियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।









