*कौशांबी न्यूज
यूपी के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में पुलिस-प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई मंगलवार की देर शाम फिर शुरू हुई। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) और चायल तहसील के अधिकारियों की मौजूदगी में फैक्टरी मालिक का मकान ध्वस्त करा दिया गया। इसके पहले सोमवार को घटना के बाद उसकी चार दुकानों (गोदामों) का ध्वस्तीकरण किया गया था। कल ही उसके मकान पर भी बुलडोजर चलाने की चर्चा थी लेकिन समयाभाव के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पुलिस और प्रशासन की टीम पटाखा मालिक के अन्य मकान और दुकानों को भी चिह्नित कर रही है। वहीं, विस्फोट में मरने वालों की संख्या 13 पहुंच गई है।
*विस्फोट को लेकर शासन गंभीर, ताबड़तोड़ ऐक्शन*
शासन स्तर से की गई सख्ती की वजह से पटाखा फैक्टरी मालिक नौशाद व उसके परिजनों के विरुद्ध शुरूआती दौर से ही ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। सोमवार की शाम से बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई थी, जो मध्य रात्रि तक चली। इस दौरान चार दुकानें (गोदाम) ध्वस्त कराई गईं थीं। उम्मीद थी कि मंगलवार की सुबह से ही बुलडोजर गरजेगा, लेकिन अफसर पोस्टमार्टम के बाद मृतकों का अंतिम संस्कार कराने में ही दिनभर उलझे रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम, डीएसपी कौशाम्बी अरुण कुमार शुक्ला और पीडीए की टीम के साथ महमूदपुर मनौरी पहुंचीं। वहां स्थित फैक्टरी मालिक का मकान तकरीबन दो घंटे की कार्रवाई के बाद पूरी तरह से जमींदोज करा दिया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की खासी भीड़ जमा रही। फैक्टरी मालिक के रिश्तेदार भी मौजूद रहे। हालांकि, किसी ने भी विरोध करने की हिमाकत नहीं की।
*फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार, पत्नी, बेटे और भाई पर इनाम घोषित*
वहीं, सोमवार को प्रयागराज-कौशाम्बी सीमा पर चरवा के चिल्ला शहबाजी गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। एसआरएन अस्पताल में भर्ती एक घायल ने मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, घटनास्थल पर मलबा हटाने के दौरान एक और शव के अवशेष मिले हैं। बुजुर्ग पिता ने अवशेष अपने बेटे सुनील के होने का दावा किया है। पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी के मुख्य आरोपी मालिक नौशाद को मंगलवार तड़के मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसकी पत्नी कहकसा बानो, बेटे आदिल और भाई शकील पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।






