प्रयागराज — सिटी जोन के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। जहां विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया।
मृतक की पहचान राम दुलारे के रूप में हुई है, जो शिवकुटी थाना क्षेत्र के सरैया इलाके के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक सुबह लल्ला चुंगी के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में राम दुलारे को इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची कर्नलगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।








