कौशाम्बी– सदर कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी टेवां अंतर्गत शरीफपुर मजरा जजौली गांव में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी पूर्व प्रधान बदल सरोज की लगभग 10 वर्षीय पौत्रियां रागिनी पुत्री राकेश कुमार और संजना पुत्री राजेश कुमार बकरी चराने के लिए गांव के बाहर गई थीं। इसी दौरान गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित तालाब में नहाते समय दोनों चचेरी बहनें गहरे पानी में डूब गईं।
बच्चियों के साथ गई उनकी छोटी बहन ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल प्रमोद यादव, पुलिस चौकी इंचार्ज टेवां और सदर एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों शवों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







