कौशाम्बी— पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के खरौना गांव में पति-पत्नी के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान फूलचंद और उनकी पत्नी पूजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के शव करीब दो दिन पुराने थे। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी अजय मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और जांच संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दंपति की कोई संतान नहीं थी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में एएसपी राजेश सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।







