कौशाम्बी—
कौशांबी। कौशाम्बी जनपद के संदीपन घाट थाने के सामने ऑटो चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार रात थाने के ठीक सामने काजीपुर जीटी रोड के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला तो ग्रामीणों के साथ पुलिस के भी होश उड़ गए। फिलहाल पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। अगर ये हत्या की घटना है तो पुलिस के लिए भी ये खुली चुनौती है।
मृतक की पहचान प्रयागराज जनपद के पूरामुफ्ती गांव निवासी मंसूर अहमद के रूप में हुई है। वह ऑटो चालक बताया जा रहा है। हैरानी की बात है कि शव के पास उसकी ऑटो भी खड़ी मिली, जिससे घटना अब और अधिक संदिग्ध हो गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी होने पर मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि मंसूर अहमद की हत्या की गई ही। पुलिस भी पूरे मामले की गहनता से जांच की बात कह रही है। लेकिन सवाल ये है कि अगर बदमाश थाने के सामने ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो उनके हौसले किस हद तक बुलंद हैं इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। सवाल ये भी है कि इस माहौल में आम जनता खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगी। घटना के बाद अब पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। निश्चित तौर पर इस घटना ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। अगर पुलिस ने मामले का।जल्द खुलासा नहीं किया तो उनकी संलिप्तता पर भी सवालिया निशान लगेगा।







