कौशाम्बी—
नई दिल्ली के सेंट स्टीफन्स कॉलेज विरन्दा हाउस में 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित हुई 53वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता में धर्मा देवी इण्टर कॉलेज के कक्षा 11वीं के छात्र राज पाण्डेय को उभरती हुई प्रौद्योगिकी हेतु मॉडल में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
यह प्रतियोगिता कुल सात वर्गों में आयोजित हुई जिसमें विभिन्न राज्यों के बाल वैज्ञानिकों द्वारा भारी संख्या में मॉडल प्रस्तुत किए गए। *उभरती हुई प्रौद्योगिकी* के अंतर्गत विद्यालय के बाल वैज्ञानिक ने एंटी-स्लीप अलार्म के साथ साथ AI आधारित फाइटर कार बनाया जिससे भारत के जवानों को तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ किया जा सकें।
उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित करने के पश्चात वापस लौटे छात्र का स्वागत सिराथू स्टेशन पर ही विद्यालय के संरक्षक राम कृष्ण त्रिपाठी, प्रबंधक राम सुभग त्रिपाठी व प्रधानाचार्य डॉ राम किरण त्रिपाठी ने किया। साथ ही ग्राम प्रधान केन प्रतिनिधि गुलाब यादव, दिनेश द्विवेदी, राकेश पाण्डेय सहित क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।
विद्यालय पहुंचे छात्र का स्काउट टीम व स्काउट मास्टर ललित कुमार, मार्गदर्शक शिक्षक बलवंत कुमार समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक/शिक्षिकाओं द्वारा माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राम किरण त्रिपाठी ने इस उपलब्धि से अन्य छात्र/छात्राओं को भी प्रेरणा लेने हेतु प्रोत्साहित किया। छात्र की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला विज्ञान समन्वयक वसीम अहमद द्वारा बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की गई।






