अंबेडकर…
अंबेडकर नाम, जिसके नाम का फायदा हर पार्टी और हर सामाजिक संगठन लेना चाहते हैं। लेकिन वास्तव में यह किसी सामान्य व्यक्ति का नाम मात्र नहीं है, यह नाम अपने-आप में क्रांति है। पर दुर्भाग्य है कि आज समाज में यह नाम मात्र जातिगत रह गया है, जबकि बाबा साहब ने किसी भी पुस्तक में जातिगत भेदभाव का समर्थन नहीं किया है।
अगर मैं अपने अनुभवों को देखते हुए कहूं, तो “अंबेडकर” नाम स्वयं डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने क्यों रखा, इसकी जानकारी बहुत से अपने आप को अंबेडकरवादी बोलने वालों को भी नहीं है। उन्होंने अपने स्कूली शिक्षक महादेव अंबेडकर के नाम पर अपना नाम रखा। महादेव जैसा नाम, उसी प्रकार का उनका काम था।
जब समाज जाति-व्यवस्था की चरम सीमा पर था, तब भीमराव के लिए महादेव किसी उपलब्धि से कम नहीं थे। महादेव ने भीम के लिए अपने घर का बना हुआ खाना प्रतिदिन लाना शुरू कर दिया, और इतना ही नहीं, उस टिफिन को उनके परिवार द्वारा ही धुला जाता रहा।
महादेव ने भीम के लिए लगातार प्रयासरत रहकर इस लड़के को सर्वोच्च शिक्षा दिलाने के लिए अपने व्यक्तिगत परिचय का उपयोग किया। उन्होंने बड़ोदरा के महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय से निवेदन कर भीम को अमेरिका में उच्च शिक्षा के लिए सहयोग राशि दिलवाई।
भीम की काबिलियत और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की कीर्ति भारत में भी गूंजी। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने अपने शिक्षक महादेव अंबेडकर के नाम का “अंबेडकर” शब्द अपने नाम के बाद जोड़ने की अनुमति ली।
अंबेडकर की बढ़ती लोकप्रियता देखकर हैदराबाद के निजाम मीर उस्मान अली खान ने करोड़ों रूपए और 54 एकड़ जमीन देने का प्रलोभन दिया कि आप इस्लाम कबूल कर लो। किन्तु अंबेडकर ने अपने शिक्षक के आदर्शों और अपने वसूलों के स्वाभिमान की रक्षा करते हुए इस्लाम कबूल करने से मना कर दिया।
जरा विचार करिए, अगर अंबेडकर ने इस्लाम कबूल कर लिया होता, तो उनके साथ हिंदू समाज का एक बहुत बड़ा भाग इस्लाम की ओर चला जाता। जिससे हिंदू समाज अपंग हो जाता, बड़ी क्षति हो सकती थी। किंतु अंबेडकर जी द्वारा निजाम के प्रस्ताव को अस्वीकार करना हिंदू समाज के लिए एक बहुत बड़ी शक्ति बनकर उभरा।
लेखक
अजय साहू
शिक्षक कंपोजिट विद्यालय सौरई बुजुर्ग








