*कौशाम्बी–
जिले में लंबे समय से लंबित चले आ रहे भूमि विवादों के निस्तारण और आम नागरिकों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है।जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में भू-विवादों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।जिसके तहत जिले की प्रत्येक तहसील में उन 10 गांवों को चिह्नित किया गया है जहाँ भूमि संबंधी विवादों की संख्या सबसे अधिक है। इन चिह्नित गांवों में आगामी 10 दिनों के भीतर उप-जिलाधिकारी और क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों द्वारा विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों को मौके पर सुनकर उनका यथासंभव निस्तारण करना है।प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष समिति का भी गठन किया है।उपजिलाधिकारी के नेतृत्व वाली यह समिति न केवल कैंपों की निगरानी करेगी बल्कि रैंडम आधार पर गांवों का औचक निरीक्षण भी करेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समस्याओं का समाधान सही तरीके से हो रहा है।स्वयं जिलाधिकारी ने भी स्पष्ट किया है कि वे भी व्यक्तिगत रूप से इन कैंपों का भ्रमण करेंगे ताकि संबंधित गांवों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन का मुख्य लक्ष्य इन गांवों को पूरी तरह विवाद मुक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करके इन गांवों को सैचुरेट किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।








