– एक सप्ताह में रूपये न देने पर धमकी देते हुए कहा कि छाती पर चढ़कर गोली मार दूंगा
कौशांबी
कौशांबी में एक कपड़ा व्यापारी के मोबाइल पर अनजान नम्बर से असलहे की फोटो भेजकर 5लाख की रंगदारी मांगने का सनसनी खेज मामला सामने आया है। असलहे की फोटो के साथ पांच लाख की रंगदारी मांगने वाले ने रूपये न देने पर छाती पर चढ़कर गोली मारने की धमकी भी व्यापारी को दी है। जिसे लेकर व्यापारी व उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब उस अनजान नम्बर की तलाश जारी है।
कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे के रहने वाले प्रज्जवल केसरवानी पुत्र रमेशचन्द्र केसरवानी की रेलवे क्रांसिग के पास कपड़े की दूकान है। प्रज्जवल के अनुसार बीते 30 मार्च की दोपहर लगभग 2 बजे एक अनजान नम्बर जिसको वो जानता व पहचानता नही है। उसके वाटसप पर मैसेज आया जिसमे अवैध असलहे की फोटो भेजकर उक्त युवक ने व्यापारी से 5 लाख रूपये की रंगदारी मांगी तथा रूपये एक हफ्ते मे न देने पर छाती पर गोली मारने की धमकी दिया। मैसेज देखकर व्यापारी के होश उड़ गये। आनन फानन में व्यापारी ने मामले की शिकायत कोखराज थाना पुलिस से की तो पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरे मामले में कोखराज थाना प्रभारी सीबी मौर्य का कहना है कि व्यापारी के द्वारा दिये गये शिकायती पत्र व व्हाटसप पर मिली धमकी को संज्ञान में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर टीम के साथ साथ थाना पुलिस भी इस मामले की जांच में जुटी है।








