*कौशाम्बी — नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम क्षेत्र के कमालपुर में कब्रिस्तान व बंजर भूमि पर अवैध रूप से हुए अतिक्रमण को कोर्ट के आदेश पर सिराथू तहसील प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटवा दिया।
कमालपुर में कब्रिस्तान व बंजर भूमि के आंशिक भाग पर कस्बे के कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था। हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद यह निर्णय हुआ कि भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को सिराथू तहसील प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।नायब तहसीलदार विनय कुमार सिंह ने बताया कि यह भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर व कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है लेकिन लगभग एक दशक पहले कुछ स्थानीय लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया था। कुछ लोगों की शिकायत पर मामला न्यायालय पहुंचा।

दस्तावेजों और स्थलीय निरीक्षण के आधार पर न्यायालय ने पाया कि भूमि पर किया गया कब्जा पूरी तरह असंवैधानिक था और इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। इस दौरान नायब तहसीलदार विनय कुमार सिंह के साथ राजस्व निरीक्षक लव प्रसाद द्विवेदी , लेखपाल रवि प्रकाश , अधिशासी अधिकारी दिनेश सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रही।








