कौशाम्बी–
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुस्साहसी चोर घर का पिछला दरवाजा उखाड़कर अंदर घुसे और नगदी समेत कीमती सामान उठा ले गए। जानकारी के अनुसार पूरब शरीरा निवासी हीरेंद्र सिंह, पुत्र अवधेश सिंह के घर में रात के समय अज्ञात चोर पीछे का दरवाजा उखाड़कर दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखी नगदी, टीवी और अन्य कीमती सामान पार कर दिया। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से चोर घर में लगा सीसीटीवी कैमरा और उससे संबंधित उपकरण भी साथ ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिवार ने थाना पश्चिम शरीरा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है थानां प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि आस पास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।








