कौशाम्बी
अफसरों ने मौके से भारी मात्रा में नमक, सेंथेटिक कलर के साथ पैकिंग का सामान बरामद करने का दावा किया है। आरोपी अवैध और मिलावटी कच्चा माल का उपयोग करके किसानों को घटिया व नकली खाद बेच रहे थे। मजदूरों से पूछताछ करने के बाद प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने संचालक पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ कोखराज थाने में मुकदमा कायम करा दिया है।
कोखराज के अशद उल्लापुर रोही में खाद बनाने की नकली फैक्टरी का संचालन किया जा रहा था। इसकी जानकारी उप निदेशक कृषि सतेंद्र तिवारी को हुई तो उन्होंने टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।प्रभारी जिला कृषि अधिकारी सुरूचि विश्वकर्मा, अतिरिक्त कृषि अधिकारी अनुज कुमार, राजस्व निरीक्षक सरफराज हुसैन ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी करते हुए नकली खाद फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। मौके से तीन कुंतल नमक, 70 किलो सेंथेटिक आयरन कलर के साथ भारी मात्रा में पैकिंग का सामान बरामद किया। काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि इस फैक्टरी का संचालन भरवारी निवासी भगवानदास केसरवानी व उसके बेटे नितिन केसरवानी व एक अन्य व्यक्ति करते हैं। पड़ताल करते हुए अफसरों ने जिस घर में यह कारोबार चल रहा था, उसे सील कर दिया। देर शाम जिला कृषि अधिकारी सुरूचि विश्वकर्मा की तहरीर पर कोखराज पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। कृषि अधिकारी ने बताया कि साल भर पहले भी आरोपियों के खिलाफ खाद की कालाबाजारी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इंस्पेक्टर सीबी मौर्या ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।






