संदीपन घाट थाने की पुलिस ने काजीपुर स्थित वीबीपीएस में महिला सशक्तिकरण के लिए छात्राओं को किया जागरुक
संदीपन घाट के काजीपुर स्थित विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान फेज पांच के कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के प्रांगण में किया गया। जिसके अन्तर्गत छात्राओं सहित महिला शिक्षिकाओं को महिला अपराध, भ्रष्टाचार व विभिन्न सामाजिक अपराधों की रोक-थाम व महिला हेल्प लाइन के संबंध में विस्तार से बताते हुए उपनिरीक्षक सुनीता गोयल ने जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि किस तरह से हमारे आसपास के लोग ही हमारे साथ विश्वासघात करते हैं। उनसे हमें सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा विश्वासघात हमें वहीं से मिलता है, जहां पर हमें लोगों से विश्वास होता है। इसलिए छात्राओं को इस संदर्भ में हमेशा जागरूक और सचेत रहना चाहिए। उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह ने संकट के समय में शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर को विस्तृत तरीके से समझा कर मिशन शक्ति, नारी शक्ति, नारी सम्मान, नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन अभियान के तहत हेल्पलाइन नंबर 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमन पावर हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और महिला हेल्पडेस्क, एंटीरोमियो टीम के जी कार्य तथा थाना के सीयूजी नंबर के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। थाने पर महिला हेल्प डेस्क है, जिस पर महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी हमेशा मौजूद रहती हैं। छात्राएं थाने पर जाकर अपनी समस्या से अवगत करा सकती हैं। सोमवार को स्कूल में पीटीएम के अवसर पर उपस्थित उनकी माताओं को भी महिला सुरक्षा के गुण बताए। प्रधानाचार्या आरपी ओझा ने कहा कि हमें अपने कार्यों के द्वारा ही अपने होने की पुष्टि करनी चाहिए। बच्चों को हमेशा सजग रहना चाहिए। उत्थान संस्था के सचिव डा. केके तिवारी, अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार और मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक तिवारी ने इस पहल की प्रशंसा की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रवि प्रकाश ओझा, वरिष्ठ शिक्षक राकेश मालवीय, पीटीआई नकुल तिवारी और बलदाऊ पाण्डेय सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रही। जिला पंचायत सदस्य मीनू योगेश साहू और जिला अनुसूचित मोर्चा के अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष शिव मूरत ने भी सरकार के इस पहल की सराहना की।






