*कौशांबी न्यूज
चायल में बार एसोसिएशन की 15 दिनों से चल रही हड़ताल शुक्रवार से समाप्त हो गई है। एसोसिएशन ने 15 सितंबर 2025 से न्यायालयों में न्यायिक कार्य और उपनिबंधक कार्यालय का काम शुरू करने का निर्णय लिया है।
बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल 10 सितंबर को जिलाधिकारी से मिला। जिलाधिकारी के व्यवहार से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार तक धरना जारी रखा। 12 सितंबर को उपजिलाधिकारी आकाश सिंह, उपजिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार, नायब तहसीलदार भरवारी, नायब तहसीलदार चायल और उपनिबंधक चायल की टीम धरना स्थल पर पहुंची। उपजिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। इसके बाद एसोसिएशन की सामान्य सभा में हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, तहसीलदार द्वारा चयनित भूमि को लेकर अधिवक्ता नाराज हैं। उनका आरोप है कि तहसीलदार ने जनहित की अनदेखी करते हुए दूर की विवादित भूमि का चयन किया है। इसलिए जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, अधिवक्ता तहसीलदार के न्यायालय का बहिष्कार करते रहेंगे।






