*फतेहपुर में ‘मकबरे’ पर तोड़फोड़ में कई भाजपा नेताओं समेत 160 के खिलाफ रिपोर्ट, छावनी बना इलाका*

संभल की तरह फतेहपुर में भी ‘मकबरे’ के मंदिर होने का दावा करने के बाद बवाल हो गया। एक दिन पहले हिंदू संगठनों और भाजपा जिलाध्यक्ष के ऐलान के मुताबिक सोमवार को सैकड़ों की भीड़ नारेबाजी करते हुए बैरीकेड तोड़कर आबूनगर रेडैइया स्थित कथित अब्दुल समद के मकबरे में घुस गई। तोड़फोड़ की और ऊपर चढ़कर भगवा ध्वज फहरा दिया। हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। इस पर मुसलमानों की भीड़ भी जुटी और विरोध किया। कई बार नोकझोंक और झड़प के बाद हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने उन्हें वहां से खदेड़ना शुरू किया तो इन लोगों ने पथराव कर दिया। करीब पांच घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस और पीएसी ने कड़ी मशक्क्त और लाठी पटककर भीड़ को वहां से भगाया। तनाव को देखते हुए और पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। वहीं, पुलिस ने कई भाजपा नेताओं समेत 10 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष इसे मकबरा दूसरा पक्ष ठाकुरद्वारा मंदिर बता रहा है।
एक सप्ताह पूर्व मठ मंदिर संघर्ष समिति ने विवादित स्थल पर ठाकुरद्वारा मंदिर होने का दावा करते हुए सुंदरीकरण, नवीनीकरण और विस्तारीकरण कराने की प्रशासन से मांग की थी। इसके अलावा एक दिन पहले भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने सोमवार को यहां पहुंचकर पूजा-पाठ करने का आह्वान किया था। इसी क्रम में सोमवार को कर्पूरी ठाकुर चौराहे पर करीब तीन हजार लोगों का हुजूम एकत्र हुआ। विवादित स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए सुबह करीब 11 बजे हुजूम परिसर के पास पहुंच गया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए करीब 300 लोग अंदर घुस गए और अंदर स्थित मजारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। दरवाजा तोड़ते हुए लोग सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ गए और भगवा ध्वज फहरा दिया। तभी मुस्लिम पक्ष के लोग भी पहुंचे और विरोध करने लगे। इस पर हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया। इस पर दूसरे पक्ष ने पथराव कर दिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस-पीएसी ने लाठियां पटकते हुए दोनों पक्षों को दौड़ा लिया।

 

 

इसके बाद भी दोनों पक्ष मकबरा के करीब सौ मीटर की दूरी पर आमने-सामने खड़े होकर नारेबाजी करते रहे। डीएम रविन्द्र सिंह व एसपी अनूप सिंह ने दोनों पक्षों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी को मौके से हटाया। सूचना पर एडीजी प्रयागराज संजीव गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। जिनकी लापरवाही सामने आएगी, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
*ये हुए नामजद*
आबूनगर चौकी इंचार्ज विनीत उपाध्याय की तहरीर पर भाजपा के हसवा मंडल प्रभारी अभिषेक शुक्ला, बजरंग दल के संयोजक धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक, अधिवक्ता रितिक पाल, भाजपा सभासद विनय कुमार तिवारी, भाजपा महामंत्री पुष्पराज पटेल, जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू तिवारी, सपा नेता पप्पू चौहान, भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री प्रसून तिवारी, भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवनाथ धाकड़े, आशीष त्रिवेदी समेत 150 पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी अनूप सिंह के अनुसार नारेबाजी, तोड़फोड़ करने, कानून व्यवस्था को बिगाड़ने के आरोप में 10 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल मामला शांत करा दिया गया है। एहतियातन वहां पुलिस बल तैनात किया गया है। लगातार निगरानी की जा रही है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More