ट्रेन रोकने का कार्यक्रम स्थगित, पुलिस को 10 दिन की मोहलत

*ट्रेन रोकने का कार्यक्रम स्थगित, पुलिस को 10 दिन की मोहलत*

*कौशांबी

SHABBAR ALI*

सैनी इलाके की बालिका से दुष्कर्म, आरोपी के पिता की मौत और हाईवे पर लाठी चार्ज का मुद्दा सोमवार को पूरे दिन गरमाया रहा। भाकियू टिकैत गुट रेल रोको आंदोलन के तहत सुबह ही सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंच गया। यहां पांच घंटे तक चली पंचायत के दौरान पुलिस के हाथ-पैर फूले रहे। हालांकि, एएसपी के आश्वासन पर रेल ट्रैक बाधित नहीं किया गया। एसआईटी जांच सहित अन्य मांगों के लिए पुलिस-प्रशासन को 10 दिन की मोहलत दी गई है। संगठन के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने इसके बाद वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है। भाकियू (टिकैत गुट) के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कौशाम्बी-प्रयागराज के कार्यकर्ताओं से शनिवार को रेल रोको आंदोलन करने का आह्वान किया था।

उनके निर्देश पर सोमवार को सुबह करीब 11 बजे दोनों जिलों के कार्यकर्ता-पदाधिकारी सैयद सरावां रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचे और पंचायत शुरू कर दी। दो बजे के आसपास खुद प्रदेश अध्यक्ष पहुंच गए। भीड़ ज्यादा देख वह सभी को लेकर पास स्थित बाग गए। वहां पंचायत के दौरान कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से तानाशाही पर आमादा है। इतनी बड़ी घटना में पीड़ितों को इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। निर्दोषों पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की एसआईटी जांच कराने, दोषियों को सजा देने, निर्दोषों को बरी करने व पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। इसी मांग का ज्ञापन एएसपी को सौंपा। उधर, रेल ट्रैक बाधित किए जाने की आशंका को लेकर पुलिस के साथ आरपीएफ के भी होश उड़े रहे। सुबह ही एएसपी राजेश कुमार सिंह सीओ सिराथू, सीओ चायल व तीन थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। शाम चार बजे उन्होंने ज्ञापन लेकर मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया। तब जाकर पंचायत समाप्त हुई और रेल ट्रैक बाधित नहीं किया गया। हालांकि, 10 दिन में मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ट्रैक को आरपीएफ ने कब्जे में ले लिया था। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंदू तिवारी, महिला मोर्चा की प्रयागराज अध्यक्ष इंदू पाठक, मो. शाहिद, बच्चालाल, आशीष शुक्ला, मैकूलाल पटेल, राजन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More