सड़क, गौशाला, पीने के पानी आदि मुद्दों को लेकर सौंपा ज्ञापन

कौशांबी जिले के सिराथू तहसील में भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया है। संगठन के नेता कार्यकर्ता किसान समस्या को लेकर पिछले पांच महीने से अफसरों को ज्ञापन सौंप रहे है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी समस्या का निदान नहीं किया जा रहा है। किसान नेता के मुताबिक, उन्होंने शुक्रवार को 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपकर समस्या दूर करने की मांग उठाई है।
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया- सिराथू तहसील के कई गांव में किसान गौशाला न होने से फसल के बर्बाद होने, ककोढ़ा गांव में सड़क नाली निर्माण सहित अन्य गांव की बुनियादी समस्या का मुद्दा 5 साल से उठाकर समस्या के निस्तारण की मांग कर रहे हैं, लेकिन तहसील के अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही बरत कर किसानों के समस्या दूर नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं को साथ लेकर उन्होंने एक बार फिर किसान समस्या का 10 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम अजेंद्र सिंह को सौंपा है। अफसर ने ज्ञापन लेकर उन्हें समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बार-बार समस्या का ज्ञापन देने के बाद भी अफसर सुनवाई नहीं कर रहे हैं। यदि प्रदर्शन के बाद भी अफसर ने समस्या का निस्तारण नहीं किया तो वह उग्र आंदोलन करने को वह बाध्य होगे।






