चैरिटेबल ट्रस्ट के संचालक के खिलाफ युवक ने मानव अंग की तस्करी करने का आरोप लगाकर एसपी से की थी शिकायत
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
सरायअकिल थाने के मिन्हाजपुर गांव के बाहर जंगल में संचालित हो रहे मनोरोगी आश्रय स्थल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई थी। संस्था के संचालक पर मनोरोगियों की हत्या कर मानव अंगों की तस्करी करने का आरोप लगा था। चैरिटेबल ट्रस्ट में काम कर चुके युवक ने मामले की शिकायत एसपी से करते हुए जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की थी। एसपी ने सीओ चायल को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी आज तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पुरखास युसूफपुर निवासी अंसार अहमद पुत्र इस्लाम अहमद ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि मिन्हाजपुर गांव के बाहर जंगल में मनोरोगियों के इलाज के लिए वन अंब्रेला चैरिटेबल ट्रस्ट (मुक्त मानसिक दिब्यांग आश्रयस्थल) का संचालन तकरीबन पिछले सात आठ सालों से किया जा रहा है। वह पांच साल पहले वहां काम करता था। उसका आरोप है कि संस्था का संचालक मेहंदी अली राजपूत मनोरोगियों की हत्या कर मानव अंगों की तस्करी करता है और शव को परिसर में ही गड्ढा खोद कर जमीन के नीचे दफन कर देता है। उसने दावा किया है कि मनोरोगी की हत्या के बाद जहां शव दफन किया है। वह अपने एक साथी के साथ उस जगह को चिन्हित भी करा सकता है। उसने परिसर की जमीन की खोदाई कर जांच के बाद आश्रय संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने चायल सीओ मनोज कुमार सिंह रघुवंशी को मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। तत्कालीन सीओ मनोज कुमार रघुवंशी का स्थानांतरण होने के बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
——————————-
अवर अभियंता को भी मोबाइल पर संचालक दे चुका है जान से मारने की धमकी
सरायअकिल थाने के 33केवी उपकेंद्र में मो.शफीक अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके सीयूजी मोबाइल फोन पर 12 सितम्बर को ट्रस्ट संचालक मेंहदी अली राजपूत गाली गलौच कर टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दे चुका है। अवर अभियंता का आरोप था कि बिजली सप्लाई बाधित होने पर वह आए दिन गाली गलौच किया करता था। इसकी भी ऑडियो वायरल होने पर पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था।
—————————————————————————-
वन अम्ब्रेला ट्रस्ट के संचालक को पुलिस भेज चुकी है जेल
सरायअकिल थाने के तिल्हापुर पुलिस चौकी में शिकायत करने गए युवक को ट्रस्ट के संचालक मेंहदी अली राजपूत ने पीट दिया था। चौकी में युवक की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। युसुफपुर पुरखास निवासी अंसार अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी के साथ बाजार में थे। इसी दौरान ट्रस्ट के मालिक मेहदी अली राजपूत ने उनसे गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। इस दौरान उसने अंसार की पत्नी का नकाब भी खींचा और उसे जमीन पर गिराकर मारा। इसके बाद मेहदी अली और उसके दो साथियों ने अंसार की जेब से 1350 रुपये भी छीन लिया था। पुलिस चौकी शिकायत करने गए थे। तब भी उनके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी संचालक को आठ नवम्बर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।






