खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
कौशांबी जनपद में लगातार दो लूट की वारदातों का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा करते हुए मुठभेड़ में एक घायल बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बाएं पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उठाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के पास से पुलिस ने लूटे गए जेवरात, बाइक व तमंचा कारतूस बरामद किया है। संदीपन थाने के आलमचंद गांव के समीप मुठभेड़ में रात के अंधेरे में दूसरा बदमाश भागने में सफल हो गया।

संदीपन घाट थाने के आलमचंद गांव स्थित माहेश्वरी प्रसाद इंटर कालेज के समीप मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने आलमचंद गांव निवासी बाइक सवार बीज व्यापारी से ढाई लाख रुपए लूट लिया। व्यापारी रामदेव पुत्र वासुदेव मूरतगंज बाजार से अपनी दुकान बंद कर भाई के साथ घर जा रहा था। बदमाशों ने विरोध करने पर साथ रहे उसके भाई उमाशंकर के कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी थी। वहीं पइसा थाने के उदहिन बाजार से दुकान बंद कर जा रहे सर्राफा व्यापारी को जगन्नाथपुर पुलिया के समीप बुधवार शाम गन प्वाइंट पर तीन बदमाशों ने चार किलो चांदी और बीस ग्राम सोना लूट लिया था। लोगों की मदद से पुलिस ने एक बदमाश मोनू पासी पुत्र बजरंगी निवासी शहजीपुर थाना थरवई जनपद प्रयागराज को मौके से दबोच लिया था। दोनों घटनाएं पुलिस की नाक का सवाल बन गई थीं। गुरुवार रात एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह, इंस्पेक्टर संदीपन घाट बृजेश करवरिया, चौकी प्रभारी मूरतगंज विजेंद्र सिंह एसओजी और पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर आलमचंद गांव के समीप संदिग्ध अपाचे बाइक सवार की घेराबंदी की। जैसे ही उन्हें आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पारस नाथ पटेल पुत्र नेवल सिंह पटेल निवासी नरसिंहपुर कछुआ थाना सैनी के बाएं पैर में गोली लगी। आरोपी दबोचने के बाद पुलिस ने उसके पास से लूट के जेवरात, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बाइक बरामद किया। मुठभेड़ में घायल पारस नाथ पटेल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा आरोपी दीपू फरार हो गया।






