शादी के 22 दिन बाद पति को मार डाला, 20 साल की हुई सजा, अब जेल में हत्या का प्रयास
घायल महिला बंदी को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती, हालत में सुधार
-जेलर ने कहा, महिला ने खुदकुशी का प्रयास किया
हिमांशु भट्ट / मो. यासीन
शादी के 22 दिन बाद प्रेमी संग मिलकर पति को मौत की नींद सुलाने वाली कौशांबी जिले की महिला पर जिला जेल में कातिलाना हमला हुआ है। उसकी गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं। वह हमलावर के संबंध में कुछ भी नहीं बता पा रही है। पीड़िता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जेल प्रशासन ने खुदकुशी का प्रयास करने का दावा किया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव की फरहा (30) पुत्री नैमुर्रहमान 19 दिसम्बर 2023 से जिला कारागार में बंद है। वर्ष 2020 में उसने प्रेमी शहबाज निवासी गाड़ीवान टोला प्रयागराज के साथ मिलकर अपने पति इमरान निवासी उजिहिनी खालसा थाना संदीपन घाट की हत्या की थी। तब शादी को महज 22 दिन ही बीते थे। मर्जी के खिलाफ परिजनों ने उसकी शादी की थी। उसका प्रेमी, भाई और जीजा भी जेल में हैं। महिला बंदी को अदालत ने 20 वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। उसने बताया कि शुक्रवार सुबह वह शौच के लिए जा रही थी। शौचालय के दरवाजे पर पहुंचते ही किसी ने नाक में जोरदार प्रहार कर दिया। जिससे अचेत होकर गिर पड़ी। इसके बाद गला घोटकर हत्या करने का प्रयास किया गया। बंदी की गर्दन में दबाए जाने जैसे निशान मिले हैं। बांह में तीन जगह, सीने पर, कंधे पर और कान में भी चोट मिली है। वह इस बाबत कुछ नहीं बता पा रही है कि हत्या का प्रयास किसने और क्यों किया। मेडिकल कॉलेज में उसकी हालत इलाज के बाद सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद से जेल की महिला बैरक में दहशत का माहौल है।

—-
जेलर का दावा, बंदी ने दुपट्टे से खुद गला घोटा
बाथरूम में महिला ने दुपट्टे से खुद का गला घोटने का प्रयास किया है। उसका वजन अधिक है। इलाज के लिए ले जाते समय कई महिलाओं ने मिलकर उठाया। इसलिए हाथ-पैर में भी दबाए जाने जैसे निशान मिले हैं। हत्या के प्रयास की वह झूठी कहानी गढ़ रही है।
अजितेश मिश्रा, जेल अधीक्षक
—-
डीएम बोले बारीकी से करवाएंगे जांच
महिला बंदी ने खुदकुशी की कोशिश की है अथवा उसकी हत्या का प्रयास किया गया है, इसकी बारीकी से जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
मधुसूदन हुल्गी, जिलाधिकारी






