कौशाम्बी:सात फेरों के वक्त पहुंची पत्नी, दूल्हे को मंडप से उठा ले गई पुलिस

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कौशाम्बी

सात फेरों के वक्त पहुंची पत्नी, दूल्हे को मंडप से उठा ले गई पुलिस

युवक पर पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी रचाने का आरोप

● दुल्हन के पिता ने आरोपी युवक सहित चार के खिलाफ दी तहरीर

पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदरी गांव का एक युवक शादीशुदा होते हुए दूसरी शादी रचा रहा था। मंगलवार की रात वह बाकायदे बारात लेकर सरायअकिल के मुस्तफाबाद मुंजफ्ता पहुंचा। कन्या पक्ष ने बारात का स्वागत किया। शादी होते होते भोर हो गई। जब सात फेरे हो रहे थे उसी वक्त एक महिला पहुंचकर हंगामा करने लगी। उसने दावा किया कि जिस आदमी की शादी हो रही है वह उसकी पत्नी है। इस पर पुलिस आरोपी युवक व उसके भाई को थाने लेकर चली गई। फेरे पूरे नहीं हो पाए। दुल्हन के पिता ने आरोपी युवक सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी, हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।

सरायअकिल के मुस्तफाबाद मुंजफ्ता निवासी रामभवन पुत्र राजकरन ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी मंदरी गांव में नंदलाल से तय की थी। मंगलवार की रात नंदलाल बारात लेकर पहुंचा। बारातियों की आगवानी की गई। खुशियों के माहौल में जयमाल सहित अन्य रस्म अदा की गईं। सुबह सात फेरों के समय दूल्हे नंदलाल की पहली पत्नी सात-आठ लोगों के साथ पहुंचकर हंगामा करने लगी। उसने बताया कि नंदलाल से उसका विवाह हो चुका है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। नंदलाल चोरी से दूसरी शादी कर रहा है। हंगामे की जानकारी किसी ने यूपी-112 पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस नंदलाल के साथ उसके भाई कुंदल को भी लेकर थाने चली गई। इसके बाद थाने में पंचायत हुई। जहां दोनों पक्षों ने इस बात पर समझौता कर लिया कि आरोपी युवक कन्या पक्ष को विवाह में खर्च की गई पूरी रकम देगा। इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा बुधवार को इलाके भर में दिनभर होती रही।

……..

क्षुब्ध होकर दुल्हन ने छोड़ दिया खाना-पानी

ऐन मौके पर शादी टूटने से दुल्हन काफी क्षुब्ध है। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह पूरे दिन रोती रही। लाख कहने के बावजूद एक निवाला तक नहीं ग्रहण किया। घर के भीतर से परिवार की अन्य महिलाओं की सिसकियां भी बाहर सुनाई देती रहीं। युवती के पिता सहित बाकी परिजनों की आंखों में भी आंसू नजर आया।
……
बोले इंस्पेक्टर

दूल्हन के पिता ने आरोपी युवक, उसके भाई और मां-बाप के खिलाफ तहरीर दी थी। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। इसलिए किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। विनीत सिंह, इंस्पेक्टर-सरायअकिल

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें