कौशाम्बी लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद,चाय पर चर्चा शुरू

कौशाम्बी

पाचवें चरण में कौशाम्बी संसदीय सीट के लिए रविवार की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। मतदाताओं ने प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया है। भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप वोट प्रतिशत को गहरी चोट दे गई। कुल 52.79% ही मतदान हुआ। दोपहर में एक बजे से तीन बजे तक बूथों पर सन्नाटा ही रहा। मंझनपुर विधानसभा के मतदाताओं ने वोट के प्रति अपना उत्साह दिखाया और 57.11% मतदान किया। बाकी चार विधानसभाओं ने राजनीतिक दलों को निराश किया।

मतदान को लेकर सुबह बूथों पर वोटरों की कतार दिखी। मतदाताओं का पूरा प्रयास था कि वह गर्मी और धूप से बचने के लिए सुबह ही अपने वोट डाल दें। नौ बजे तक 13 प्रतिशत मतदान हो चुका था। 11 बजे तक मतदान की स्थिति सही रही, 26.01 प्रतिशत तक मतदान हो चुका था, लेकिन इसके बाद बूथों से मतदाताओं ने किनारा करना शुरू कर दिया। धूप की वजह से मतदाता घर से निकल ही नहीं रहा था। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने पूरा प्रयास किया कि लोग घरों से बाहर निकले, वोट डालें, लेकिन अपेक्षा के अनुसार सफलता नहीं मिली। एक बजे तक 36.2 प्रतिशत मतदान हो चुका था, लेकिन इसके बाद तेजी नहीं दिखी। चार बजे के बाद बूथों पर भीड़ जुटने की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। शाम छह बजे तक कुल 52.79 फीसदी ही मतदान हो सका था।

पिछले लोकसभा चुनाव के मत प्रतिशत से भी अबकी का वोट प्रतिशत कम रहा। इससे राजनीतिक दलों को तगड़ा झटका लगा है। मंझनपुर विधानसभा के मतदाता जरूर वोटिंग के मामले में आगे रहे। मंझनपुर में 57.11 फीसदी वोटिंग हुई। सिराथ में 53.62 फीसदी, चायल में 53.09 फीसदी, बाबागंज में 48.98 और कुंडा में 49.40 प्रतिशत मतदान हुआ। बाबागंज और कुंडा के वोटरों ने मतदान को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखाई। वोटिंग के बाद राजनीतिक दल के प्रत्याशी व कार्यकर्ता चुनावी गुणा-गणित में जुट गए हैं। हार-जीत को लेकर स्थिति बहुत स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More