कटिया की चिंगारी से गेहूं के खेत में लगी आग, चार बीघा जलकर खाक
रिपोर्ट: शब्बर अली
चायल तहसील के गौरा गांव में सोमवार सुबह नलकूप की कटिया लगाते समय निकली चिंगारी से गेंहू के खेत में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान को छूने लगी। आग की लपटों को देख मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक कई किसानों की लगभग चार बीघा गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने घटना की जानकारी तहसील प्रशासन के साथ-साथ पुलिस को दे दी है।
सरायअकिल थाने के गौरा गांव निवासी चंदीलाल, मलखान, लाल जी दिवाकर और रामकरन आदि ने अपने खेत में गेहूं की फसल बो रखी है। फसल सबकी पक कर तैयार थी। सभी किसान अपने फसल को कटवाने की जुगत कर रहे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह पड़ोसी नलकूप संचालक कटिया लगा रहा था। इसी दौरान कटिया से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान को छूने लगी। आग की लपटों को देख मौके पर जुटे ग्रामीणों ने सबमर्सिबल के सहारे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब किसानों की चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। जानकारी मिलने के बाद किसान बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस के साथ-साथ तहसील प्रशासन को दे दी है। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नलकूप संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।






