कौशाम्बी

पिपरी थाने के पिपरहाई गांव में चार दिन पहले जमीनी विवाद में लाठी-डंडे से पीटकर की गई किसान की हत्या के आरोपी बाप-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल्हाड़ी और डंडा भी बरामद कर लिया है। लिखापढ़ी करने के बाद पुलिस ने दोनों का न्यायालय चालान कर दिया।
पिपरहाई गांव निवासी शत्रुघ्न सिंह (40) पुत्र भंवर सिंह किसानी करते थे। गांव में ही स्थित एक जमीन को लेकर उनका विवाद गांव के ही प्रमोद पांडेय से चल रहा है। 25 फरवरी की सुबह उसी जमीन पर प्रमोद पांडेय निर्माण करा रहा था। जानकारी मिलने के बाद शत्रुघ्न मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य का विरोध करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान प्रमोद पांडेय और उसका बेटा प्रदीप पांडेय ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से शत्रुघ्न की पिटाई कर मरणासन्न कर हालत में छोड दिया। मौके पर जुटे परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराय। पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीएम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों दाह-संस्कार करने से इंकार कर दिया। शव संस्कार करने से इंकार करने के बाद प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। परिजन हत्यारोपी बाप-बेटे की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करने लगे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शव का देर रात अंतिम संस्कार कराया। बुधवार भोर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह परिहार हमराहियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी कहीं भागने की फिराक में सेवढ़ा तिराहे के समीप खड़े हैं। सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के दौरान हत्योरापियों की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल भी बरामद कर लिया। लिखापढ़ी कर पुलिस ने दोनों का न्यायालय चालान कर दिया।





