कौशांबी
वन स्टॉप सेंटर में तैनात दो महिला आरक्षियों की लापरवाही से बाल कल्याण समिति नाराज है। इन दोनों महिला आरक्षियों को हटाने का निर्देश महिला थाना पुलिस को दिया गया है। महिला सिपाहियों पर गंभीर आरोप लगे हैं।
वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाएं व किशोरियों को रखा जाता है। मेडिकल, बयान आदि के बाद यहां से पीड़िताओं को भेजा जाता है। सुरक्षा के लिए यहां महिला सिपाही व होमगार्ड की तैनाती की जाती है। महिलाओं की सुरक्षा को किसी भी प्रकार का खतरा न रहे, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा आदि भी लगवाया गया है। 21 सितंबर की रात एक पीड़िता की अचानक तबीयत खराब हो गई। पीड़िता को जिला अस्प्ताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज हुआ। आरोप है कि इस दौरान वहां तैनात दो महिला सिपाही ने कोई सहयोग नहीं किया। वन स्टाप सेंटर की मैनेजर के कहने के बाद भी उन्होंने मनमानी की। जानकारी होने पर बाल कल्याण समिति ने इसे गंभीरता से लिया। दोनों महिला आरक्षियों को वहां से हटाने का निर्देश जारी किया है।








