कहीं बुलडोजर, कहीं गैगरेप में केस, डिप्टी सीएम केशव के कौशांबी में BJP जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव के बाद पुलिस का गजब एक्शन

कौशांबी


डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के जिले कौशांबी में एक जिला पंचायत सदस्य और उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अन्य सदस्य के खिलाफ मारपीट के आरोप में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ है। दो महिला सदस्यों के पतियों को मारपीट के एक मामले में नामजद किया गया है तो दो सदस्यों को बंजर जमीन पर कब्जा कर मकान और स्कूल बनवाने के आरोप में नोटिस दी गई है। एक सदस्य के भाई को गांजा बेचने के आरोप में जेल भेजा गया है तो एक सदस्य के पति की छुट्टी अचानक रद्द कर एक अन्य महिला सदस्य के मकान को अवैध बताते हुए शुक्रवार को जेसीबी से गिरा दिया गया।
खास बात यह है कि अलग-अलग कार्रवाई की जद में आने वाले यह सभी नौ सदस्य उन जिला पंचायत सदस्यों में शामिल हैं, जिन्होंने भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर के खिलाफ दो अगस्त को डीएम सुजीत कुमार को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था। इन नौ सदस्यों के खिलाफ अचानक हुई इस कार्रवाई को अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस से जोड़ा जा रहा है।
आरोप है कि यह कार्रवाई इन सदस्यों पर दबाव बनाकर इन्हें चुप कराने के उद्देश्य से की गई है, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अफसर इससे साफ तौर पर इनकार कर रहे हैं। अफसरों का कहना है कि सभी मामलों में कार्रवाई नियमानुसार की गई है। वहरहाल, सदस्यों और उनके परिजनों के खिलाफ हुई यह कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। डीएम ने अविश्वास प्रस्ताव पर 19 अगस्त को फ्लोर टेस्ट की तारीख तय की है। दो अगस्त को नोटिस देने के बाद जिला पंचायत सदस्य रणनीति के तहत गायब हो गए थे। ऐसा कहा जा रहा है कि कई जगहों की सैर कर यह सदस्य जैसे ही वापस कौशाम्बी आए, उनके और उनके परिजनों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई। शुक्रवार को हुई कार्रवाई से जिला पंचायत सदस्यों की नींद उड़ी है। सदस्य इसे जबरन की कार्रवाई बता रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश है।
*इस तरह हुई कार्रवाई*
-जिला पंचायत सदस्य शेर मोहम्मद उर्फ शेरू व उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा कड़ा धाम कोतवाली में दर्ज कराया गया है।
-जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी के खिलाफ पइंसा थाना में मारपीट व एससीएसटी में केस दर्ज कराया गया है।
-जिला पंचायत सदस्य तूफान यादव, जिला पंचायत सदस्य पति राजीव मौर्या को बंजर में मकान व स्कूल बना होने की नोटिस दी गई है।
-जिला पंचायत सदस्य सीमा देवी के पति अनिल अग्निहोत्री पर मारपीट का मुकदमा मंझनपुर थाने में दर्ज हुआ। इसमें जिला पंचायत सदस्य सोनी चौधरी के पति प्रदीप चौधरी को भी आरोपी बनाया गया है।
-जिला पंचायत सदस्य राज गौतम के भाई को पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में जेल भेजा है।
-जिला पंचायत सदस्य पति रणविजय निषाद की अचानक बीएसए ने छुट्टी कैंसिल कर दी है। वो प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं।
-सरायअकिल थाना के जैतपुरपूरे हजारी गांव की जिला पंचायत सदस्य शायमा देवी का मकान शुक्रवार को ढहा दिया गया।
*भारी विरोध के बीच जेसीबी से गिराया गया सदस्य का मकान*
ग्रामीणों के भारी विरोध के बीच जैतपुर पूरे हजारी गांव में जिला पंचायत सदस्य शायमा देवी का मकान शुक्रवार को जेसीबी से ढहा दिया गया। दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक चली। लोग हाथ जोड़ते रहे, मिन्नत मांगते रहे, लेकिन कार्रवार्ई नहीं रुकी। एसडीएम दीपेंद्र यादव इस कार्रवाई के लिए पीएसी एवं भारी पुलिस लेकर गए थे।
चायल के जैतपुर पूरेहजारी गांव निवासी शायमा देवी वार्ड नम्बर 26 से जिला पंचायत सदस्य हैं। इनके पति जितेंद्र कुमार भी पिछले कार्यकाल में सदस्य थे। आरोप है कि जितेंद्र कुमार ने ग्राम सभा की नवीन परती की आराजी संख्या 184 मि. रकबा 0.015 हेक्टेयर भूमि पर अवैध मकान का निर्माण किया है। तहसील प्रशासन ने छह मार्च 2020 को बेदखली कर 15 हजार रुपये क्षतिपूर्ति एवं 10 रुपये निष्पादन व्यय की नोटिस दी थी। लेकिन पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने अतिक्रमण को नहीं हटाया, बल्कि उस पर पक्का निर्माण करके दूसरी मंजिल बनवाने की तैयारी कर रहे थे।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More