
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहेज के लिए पत्नी पर जुल्म ढाने का मामला सामने आया है. पति ने क्रूरता की हदें पार कर दीं. दो बेटियां होने के बाद दहेजलोभी पति ने अपनी ही पत्नी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया. पिछले डेढ़ महीने से जिंदगी और मौत से जूझ रही पीड़िता को लेकर परिवार के लोग एसपी से शिकायत करने पहुंचे. एसपी ऑफिस में होने वाली जनसुनवाई में पीड़िता के परिजनों ने कंपू थाना पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देख ASP ने कंपू थाना पुलिस को मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने महिला प्रताड़ना का केस दर्ज कर रस्म अदायगी कर ली है.
दरअसल, नीतू नामक महिला का विजयनगर में रहने वाले वीरेंद्र पाल से 9 साल पहले विवाह हुआ. वीरेंद्र फाइनेंस कंपनी में काम करता है. आरोप है कि वह शादी के बाद से ही नीतू को दहेज के लिए परेशान कर रहा था. नीतू के भाई विष्णु सिंह ने बताया कि विवाह के बाद से ही जीजा वीरेंद्र उनकी बहन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. विवाह के बाद नीतू को दो बेटी हुई, इसके बाद पति का जुल्मो-सितम बढ़ गया.
पत्नी को डंडों से मारा, पैर जलाए
घर में दो बेटियां हो जाने के बाद तो जैसे आरोपी वीरेंद्र के सिर पर हैवानियत सवार हो गई. उसने अपनी पत्नी को डंडों से मारा, उनके पैर तक जला दिए. करीब डेढ़ महीने पहले पति द्वारा नीतू की बेरहमी से पिटाई और क्रूरता की सारी हदें पार कर देने के बाद उनकी हालत मरणासन्न हो गई. वह पिछले डेढ़ महीने से जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं.
45 दिन से जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही विवाहिता
नीलू के साथ हुई बेरहमी के बाद उसके घरवालों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं इस मामले की शिकायत कंपू थाने में की गई, पुलिस ने प्रताड़ना का केस दर्ज कर रस्म अदायगी कर ली है. परिवार का आरोप है कि कंपू थाना पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की है और ना ही आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता और उसके परिजनों की फरियाद सुन कर यहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल इस मामले में कार्रवाई के लिए कंपू थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं.
कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
एडिशनल एसपी ऋषिकेश मीणा ने कहा कि इस पूरे मामले में कंपू थाना पुलिस को गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. पीड़ित महिला की मेडिकल रिपोर्ट भी लगाई गई है, जिसके आधार पर अगर जरूरत हुई तो आरोपियों पर धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
.
Tags: Gwalior news, Mp crime news, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 28, 2023, 12:13 IST






