World Cup 2023: 9 मैच-9 शहर और 8400 किलोमीटर, वर्ल्‍ड कप 2023 में टीम इंडिया तय करेगी लंबा सफर, पाकिस्तान यहां भी पीछे

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम आगामी वनडे विश्व कप में 34 दिन के भीतर नौ शहरों में नौ लीग मैच खेलने में करीब 8400 किलोमीटर का सफर तय करेगी. भारत अगर सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचता है तो यह सफर 42 दिन में 11 मैच में 9700 किलोमीटर का होगा.

भारत के मैच रात करीब 11 बजे खत्म होंगे और हर तीसरे दिन टीम को फ्लाइट पकड़नी है जो सौ ओवरों के मैच के बाद काफी थकाऊ होगा. भारतीय टीम अपने देश में खेलने पर आम तौर पर चार्टर उड़ान लेती है लेकिन हमेशा बिजनेस क्लास उपलब्ध नहीं होती. पैरों के लिये जगह कम होने से तेज गेंदबाजों के लिये काफी कठिनाई होती है.

भारतीय टीम इकलौती है जो सभी नौ शहरों में लीग मैच खेलेगी. बाकी प्रमुख टीमें एक शहर में कम से कम दो मैच खेलेंगी. आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच के लिये चेन्नई पहुंचने के बाद भारतीय टीम चेन्नई से दिल्ली (1761 किमी), दिल्ली से अहमदाबाद (775 किमी), अहमदाबाद से पुणे (516 किमी), पुणे से धर्मशाला (1936 किमी), धर्मशाला से लखनऊ (748 किमी), लखनऊ से मुंबई (1190 किमी), मुंबई से कोलकाता (1652 किमी) और कोलकाता से बेंगलुरू (1544 किमी) का सफर तय करेगी ।

कुल सफर 8361 किलोमीटर का होगा. बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा ,‘‘जहां तक भारतीय टीम का सवाल है तो नौ में से किसी भी संघ को इन सितारों को अपने मैदान पर खेलते देखने के मौके से वंचित नहीं किया जा सकता. इसलिये कार्यक्रम इतना व्यस्त है.’’

पाकिस्तान को हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरू में दो दो मैच खेलने हैं. भारत के खिलाफ मैच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगा. बाबर आजम की टीम कुल 6849 किलोमीटर का सफर तय करेगी और हैदराबाद तथा चेन्नई में उसे पूरे एक एक सप्ताह का समय मिलेगा. पांच बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया को भी भारत की तुलना मे कम यात्रा करनी है. आस्ट्रेलिया को 6907 किलोमीटर का सफर करना है. वहीं इंग्लैंड की टीम 8171 किलोमीटर की यात्रा करेगी.

Tags: India Vs Pakistan, World cup 2023

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें