नई दिल्ली: फिल्म ‘आदिपुरुष’ (Adipurush) ने किसी को एंटरटेन किया हो या न किया हो, मगर लोगों और क्रिटिक्स ने ‘रामायण’ से तुलना करके इसकी भरपूर आलोचना की. फिल्म देखने के बाद लोगों ने ओम राउत की समझ और मनोज मुंतशिर के लेखन पर सवाल खड़े किए. मगर फिल्म के टैलेंटेड स्टारकास्ट की कोई आलोचना नहीं हुई. ‘आदिपुरुष’ में काम करके अगर किसी को बड़ा फायदा हुआ है, तो वह एक्टर मनोहर पांडे हैं.
मनोहर पांडे ने ‘आदिपुरुष’ में अंगद का रोल निभाया है. उन्हें अब एक मलयालम फिल्म में बड़ा रोल हासिल हुआ है, जिसमें स्टार ममूटी काम कर रहे हैं. ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मनोहर पांडे को ‘Kannur Squad’ नाम की फिल्म में कास्ट किया गया है, जिससे सिनेमैटोग्राफर रॉबी वर्गीज राज अपने डायरेक्शन की शुरुआत कर रहे हैं.
मनोहर पांडे बने थ्रिलर फिल्म का हिस्सा
न्यूज पोर्टल ने सूत्र के हवाले से बताया कि फिल्म में ममूटी के अलावा Shabareesh Varma और रॉनी राज भी अहम रोल निभा रहे हैं. यह एक थ्रिलर फिल्म है जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देगी. मनोहर ऐसा किरदार निभा रहे हैं जो स्क्वाड को जवाब तलाशने में मदद करेगा. मनोहर ने भी फिल्म को लेकर रोमांच जताया, क्योंकि उन्हें मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े एक्टर्स के साथ काम करने का मौका मिला है. मेकर्स फिल्म को पैन इंडिया मूवी बनाने की योजना बना रहे हैं.

प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ 16 जून को रिलीज हुई थी.
‘आदिपुरुष’ का बजट से काफी कम है कलेक्शन
‘आदिपुरुष’ के कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने भारत में लगभग 277 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है जो इसके बजट के मुकाबले काफी कम है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म 500 करोड़ रुपये में बनी है. लगता है कि ‘आदिपुरुष’ के हिंदी वर्जन का लाइफटाइम कलेक्शन 150 करोड़ रुपये तक सिमट कर रह जाएगा.
.
Tags: Adipurush, Entertainment news., South cinema
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 22:35 IST






