इमरान खान, बुशरा बीबी को NAB ने 4 जुलाई को किया तलब, होगी अहम पूछताछ


इस्‍लामाबाद. नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्‍यूरो (NAB) ने तोशाखाना मामले में पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान को और 190 मिलियन पाउंड के अल-कादिर ट्रस्ट मामले में उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 4 जुलाई को तलब किया है. ब्यूरो ने बुशरा बीबी को भी नोटिस जारी किया है. पिछले नोटिस के अनुपालन में उपस्थित न होने पर पीटीआई अध्यक्ष और उनकी पत्नी को नए नोटिस जारी किए गए हैं. इसके लिए खुद इमरान खान और बुशरा दोनों ने 4 जुलाई की वैकल्पिक तारीख मांगी थी. NAB ने वैकल्पिक तारीख आवंटित करने की उनकी याचिका स्वीकार कर ली.

आरोपों के अनुसार, बुशरा बीबी ने मुख्य आरोपी मलिक रियाज़ को 190 मिलियन पाउंड वापस दिलाने में मदद की थी, जिस पर राष्ट्रीय अपराध एजेंसी यूके द्वारा जुर्माना लगाया गया था. बदले में बुशरा बीबी को मलिक रियाज़ से सैकड़ों कनाल ज़मीन मिली. वहीं, इमरान खान पर सत्ता के दुरुपयोग, विश्वास का आपराधिक उल्लंघन, और सत्ता के पदों पर बैठे लोगों द्वारा राज्य की संपत्ति के गैरकानूनी संचालन जैसे आरोपों में जांच चल रही है.

तोशाखाना मामले में होगी पूछताछ, मांगा गया है उपहारों का विवरण
पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री रहते हुए इमरान खान को मिले उपहारों और इमरान द्वारा बेचे गए उपहारों के विवरण को लेकर पूछताछ होगी. इमरान के वकील पहले ही NAB को चाहे गए दस्‍तावेज उपलब्‍ध करा चुके हैं. इधर ब्‍यूरो ने ऐसे उपहार जो इमरान ने अपने पास रखे हुए हैं, उनकी जानकारी देने को कहा है. सूत्रों का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि कॉल-अप नोटिस में पहले दी गई सूची से मिलान हो सके. इस सूची को लेकर विशेषज्ञों की एक टीम उपहारों के मूल्य का अनुमान लगाएगी.

Tags: Imran khan, Imran khan news, Pakistan, PTI

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More