
आरा. आरा के नगर निगम में मेयर और उप मेयर के बीच जारी आपसी कलह अब खुलकर सामने आ गया है. नगर की सरकार यानी चुनाव जीत कर आने के महज 6 महीने बाद ही बात इतने तक जा पहुंची की मेयर ने उप मेयर के खिलाफ सार्वजनिक रूप से न केवल मोर्चा खोल दिया बल्कि आरोपों की झड़ी सी लगा दी जिसमें जान से मारने की धमकी देने, दबंगई दिखाने से लेकर कमीशन के लिये दबाव बनाने तक की बातें शामिल हैं.
मंगलवार की शाम आरा की महापौर इंदू देवी के प्रतिनिधि सह पति प्रेम पंकज उर्फ ललन ने नगर निगम के महापौर कार्यालय में प्रेस वार्ता की. उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी पत्नी महापौर इंदू देवी के रहते हुए नगर निगम में किसी भी तरह के कोई भ्रष्टाचार या धांधली नहीं हो सकती है लेकिन मुझ पर डिप्टी मेयर के प्रतिनिधि सरोज सिंह लगातार गलत करने का दबाव बना रहे हैं. ललन ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि कमीशन के खेल में मुझे कई दिनों से कई तरह के कॉल आ रहे हैं, ऐसे में इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि इसमें डिप्टी मेयर के पति सरोज सिंह का हाथ नहीं. ललन ने इसको लेकर डीएम-एसपी को ज्ञापन सौंपने की बात कही.
ललन ने कहा कि पूर्व के दिनों में उपमहापौर प्रतिनिधि सरोज सिंह के द्वारा मेयर इंदू देवी व मेयर प्रतिनिधि प्रेम पंकज उर्फ ललन जी पर आरोप लगाया गया था वह सरासर गलत है. सैरातों की वसूली व टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का मामला उठाया गया वह साफतौर पर निराधार है. निगम के पास सैरातों की वसूली का रोज का रिकॉर्ड हो जो कि देखने की चीज है. ललन ने कहा कि सरोज सिंह मुझे खुले तौर पर सैरात देने का दबाव बना रहे और निगम के कामों में ढाई प्रतिशत का कमीशन मांग रहे जो कि मैं हरगिज नहीं दूंगा क्योंकि ये जनता के पैसों की बात है.
ललन ने कहा कि सरोज सिंह जो कि दबंग परिवेश से आते हैं, बिना किसी जानकारी के बातों को कह रहे हैं क्योंकि वो खुद दबंग हैं और उनको दबंगों का संरक्षण भी है. निगम को मिले पैसे का आंकड़ा मीडिया के सामने रखते हुए उन्होंने बताया की पूर्व के मेयर की कार्यकाल की तुलना में दो से चार गुना ज्यादा सैरात की वसूली आज हो रही है और सारा पैसा जनता के हित में सरकार के खाते में जा रहा है. उन्होंने बताया कि सैरातों की टेंडर प्रक्रिया के लिए नगर आवास विभाग को पत्र भी लिखा जा चुका है जो कि जल्द ही हो जाना चाहिए.
मेयर प्रतिनिधि ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार मुझे जान से मारने की धमकी मिल रही है. इसको लेकर मेरे द्वारा डीएम और एसपी से भी गुहार लगाई गई थी. पुलिस अधीक्षक के द्वारा बॉडीगार्ड भी 3 महीना के लिए मुहैया करवाया गया था. मेयर प्रतिनिधि ने आगे कहा कि उप मेयर प्रतिनिधि सरोज सिंह लगातार कमीशन की बात कर रहे हैं. गलत काम करने वाले ठेकेदारों और असामाजिक तत्वों द्वारा दवाब बनाया जा रहा है, आप समझ सकते हैं कि उनसे बड़ा भ्रष्टाचारी कौन हो सकता है. सरोज सिंह के द्वारा लगातार पूर्व महापौर प्रतिनिधि के साथ मिलकर और उनके कहने पर मेरे को तंग किया जा रहा है लेकिन मैं किसी भी प्रकार से नगर निगम के कार्यों में भ्रष्टाचार को हावी नहीं होने दूंगा.
ललन ने कहा कि आरा की पूर्व महापौर रूबी तिवारी के रीजन में उनके अपने वार्ड में प्राथमिक जांच में 14 में से 7 काम की राशि बिना काम कराये निकाले जाने की बात सामने आई है इसको लेकर जल्द ही न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी. ललन ने कहा कि चुकि मेयर और डिप्टी मेयर दोनों का संबंध बीजेपी से है तो मैंने इतने दिन कोशिश किया कि बात यहीं रूक जाए लेकिन सरोज सिंह के कारण आज मुझे पत्रकारों के सामने आकर सारी बातें सार्वजनिक रूप से कहनी पड़ी रही हैं. उन्होंने कहा कि पूर्व में जो भी कार्य में धांधली हुई है उसकी भी जांच जल्द करवायी जाएगी.
.
Tags: ARA news, Bhojpur news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 20:32 IST






