राहुल गांधी ने दरकिनार की CM नीतीश और ममता बनर्जी की अपील, KCR के खिलाफ बना रहे बड़ा प्लान

नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार की कोशिशों को दरकिनार करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. राहुल गांधी ने केसीआर की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के तीन दर्जन नेताओं को कांग्रेस में शामिल करवाने के साथ राज्य नेतृत्व के साथ केसीआर को हराने की रणनीति पर मंथन भी किया. राहुल गांधी 2 जुलाई को तेलंगाना में केसीआर के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे.

तेलंगाना विधानसभा चुनाव में केसीआर को मात देने के लिए राहुल गांधी ने खास रणनीति बनानी शुरू कर दी है. दिल्ली में राहुल गांधी ने सोमवार को केसीआर की पार्टी बीआरएस के तीन दर्जन बड़े नेताओं को कांग्रेस में शामिल करवाया और उसके अगले दिन राज्य में केसीआर की सरकार को उखाड़ फेंकने की रणनीति पर मंथन किया.

तेलंगाना विजय की रणनीति पर मंथन
राहुल गांधी एक तरफ राज्य के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ चुनावी रणनीतिकार सुनील कोणागोलू से भी मिलकर जीत का फुलप्रूफ फॉर्मूला बना रहे हैं. राहुल की यह सक्रियता इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि विपक्षी एकता के नाम पर सीएम नीतीश और ममता बनर्जी जैसे नेता कांग्रेस से केसीआर के खिलाफ नरम रहने की अपील करते रहे हैं. हालांकि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ केसीआर के खिलाफ चुनाव में उतरने जा रही है.

इसे लेकर तेलंगाना कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रेणुका चौधरी दावा करते हुए कहती हैं, ‘तेलंगाना में केसीआर मानसिक रूप से हार गए हैं. केसीआर जा रहे हैं, कांग्रेस आ रही है.’

विपक्ष में विरोधियों को कड़ी टक्कर देने के मूड में राहुल
दरअसल कर्नाटक की जीत के बाद राहुल गांधी विपक्ष में अपने विरोधियों को कड़ी टक्कर देने के मूड में हैं. यही वजह है की केजरीवाल और केसीआर जैसे विरोधियों के खिलाफ पक्की तैयारी में मशगूल हो गए हैं.

तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं. इसी के मद्देनजर राहुल गांधी राज्य में केसीआर को सत्ता से उखाड़ फेंकने के मकसद से 2 जुलाई को चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे. तेलंगाना में कांग्रेस की इस सक्रियता से केसीआर को परेशानी होना लाजिमी है. वहीं राहुल गांधी के आक्रामक रुख से विपक्ष की एकता को नई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. जाहिर है ये बीजेपी के लिए राहत की बात होगी.

Tags: CM KCR, Congress, Rahul gandhi, Telangana

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More