टीम इंडिया कितनी तैयार, कौन बनेगा सलेक्टर का सिरदर्द, World Cup 2023 Schedule


नई दिल्ली. आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल आ गया है. भारत में खेले जाने वाले इस विश्व कप की शुरुआत 5 अक्टूबर को होगी. फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा. फाइनल के बाद वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा मुकाबला माने जाने वाला मैच 15 अक्टूबर को होगा, जिसमें भारत-पाकिस्तान भिड़ेंगे. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. भारत आखिरी बार 2011 में विश्व चैंपियन बना था. तब वह मेजबान भी था. ऐसे में वर्ल्ड कप 2023 को भारतीय टीम के लिए बड़े मौके के तौर पर देखा जा रहा है. वजह साफ है- इस बार भी विश्व कप भारत में खेला जाएगा.

मेजबानी और शेड्यूल के इतर अगर भारत की तैयारियों को देखें तो टीम में अभी कई चीजें तय नहीं दिख रही हैं. ओपनिंग जोड़ी और तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी सेटल दिख रही है, पर चौथे नंबर का स्लॉट अभी फिक्स नहीं है. पांचवें और छठे नंबर पर ज्यादा प्रयोग की गुंजाइश नहीं है. इन नंबरों पर खेलने के लिए हमारे पास बेहतरीन ऑलराउंडर हैं. लेकिन गेंदबाजी में चोटिल खिलाड़ियों की लंबी फेहरिश्त है. भारतीय गेंदबाजी में वह धार नजर नहीं आती जो विश्व चैंपियन बनने के लिए जरूरी है.

टॉपऑर्डर में रोहित-शुभमन-विराट
भारत का टॉपऑर्डर सुलझा हुआ है. कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल ओेपन करेंगे. तीसरे क्रम पर विराट कोहली का खेलना भी तय है. ईशान किशन को तीसरे ओपनर के तौर पर टीम में रखा जा रहा है. अगर वह खेलते हैं तो भारत को मध्यक्रम में विकेटकीपर रखने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

मिडिल ऑर्डर में केएल-पंड्या-जडेजा
केएल राहुल अभी चोटिल हैं लेकिन उन्हें टीम मैनेजमेंट का भरोसा हासिल है. अगर वह फिट होते हैं तो चौथे नंबर पर बैटिंग करते दिख सकते हैं. अगर वह फिट नहीं होते और सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, संजू सैमसन, दीपक हुड्डा को जगह मिल सकती है. अगर ओपनिंग रोहित-शुभमन करते हैं तो चौथे नंबर कोई विकेटकीपर बैटर ही आएगा. इनमें संजू सैमसन, ऋषभ पंत, ईशान किशन या कोई और हो सकता है. यह भी हो सकता है कि फिर हार्दिक पंड्या चौथे नंबर पर बैटिंग करें और विकेटकीपर बैटर को पांचवें नंबर पर खिसका दिया जाए. छठे नंबर पर रवींद्र जडेजा का खेलना तय है. सातवें नंबर पर भी भारतीय टीम ऐसे बैटर की तलाश में है, जो थोड़ी बहुत गेंदबाजी भी करता है. अभी दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर भी ऐसे बैटर की भूमिका निभा सकते हैं.
” isDesktop=”true” id=”6678815″ >

तेज गेंदबाजी में मारामारी
भारतीय गेंदबाजी लाइनअप वो कड़ी है, जो कमजोर साबित हो सकती है. पिछले कुछ साल में भारत के लिए सबसे बेहतरीन बॉलर रहे जसप्रीत बुमराह अब भी चोटिल हैं. वर्ल्ड कप से ठीक पहले वे मैदान पर वापसी कर सकते हैं, लेकिन फॉर्म में भी लौट आएंगे, यह कहना जल्दबाजी होगी. इसके बाद नाम आता है मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज का. ये दोनों गेंदबाज फिट हैं और भरोसा जगाते हैं. फिर शार्दुल ठाकुर याद आते हैं जो बॉलिंग से ज्यादा निचलेक्रम में बैटिंग के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं. जयदेव उनादकट, उमरान मलिक और मुकेश कुमार को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है. लेकिन इनमें से कोई भी फ्रंटलाइन तेज गेंदबाज नहीं है. इनमें से किसी पर भी आप पूरे यकीन के साथ दांव नहीं लगा सकते.

स्पिन अटैक भी मुश्किल
पेस अटैक की तरह स्पिन अटैक भी बहुत संतुलित नजर नहीं आता. स्पिन अटैक में रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर के रूप में भारत के पास ऐसे विकल्प हैं, जो ऑलराउंडर भी हैं. लेकिन जडेजा, अक्षर या वॉशिंगटन सुंदर मैचविनर स्पिनर नहीं हैं. इन तीनों की कोशिश विकेट लेने से ज्यादा रन रोकने की होती है. ऐसे में भारत को एक ऐसा स्पिनर चाहिए जो बीच के ओवरों में विकेट झटके. इस लिस्ट में कुलदीप यादव का नाम काफी आगे है. लेकिन उनमें निरंतरता का भारी अभाव है. युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई के पास वनडे का अनुभव नहीं है. रविचंद्रन अश्विन को कब का वनडे फॉर्मेट से हटाया जा चुका है. ऐसे में चयनकर्ताओं के लिए टीम चुनना आसान नहीं होगा.

Tags: India vs west indies, Indian Cricket Team, Team india, World cup 2023

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More