
नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के सामने टनल में हुई लूटपाट के मसले पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वैसे तो लूट के वीडियो में 4 ही लोग वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं लेकिन जब पुलिस ने इस केस की परतें खोली तो यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं निकला. इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि लूट तो दो लाख रुपये की हुई थी लेकिन पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के पास से पांच लाख रुपये बरामद किए हैं. अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या ये किसी और वारदात में लूटे गए पैसे थे या फिर ये कोई हवाला का पैसा है?
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि 24 तारीख को जो वारदात हुई थी उसमें चार लोगों ने आकर पैसा लूटा था. जब पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की तो पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस केस को सुलझाने के लिए हर तरह की जांच की गई. इस केस को लेकर दिल्ली पुलिस ने हरियाणा और यूपी में दबिश दी. जांच के बाद इस मामले में जो कहानी सामने आई उसमें 25 साल का उस्मान नाम का शख्स डिलीवरी बॉय का काम किया करता था. उसके दिमाग में आया था कि लोन चुकाने और आईपीएल के सट्टे में जो पैसा हार गया था. उसे चुकाने का यह एक अच्छा तरीका है. इसके बाद उसने अपने चचेरा भाई इरफ़ान को भी इस वारदात में शामिल कर लिया और दोनों ने मिलकर लूट का यह प्लान तैयार किया था. इरफान नाई का काम किया करता था.
स्पेशल सीपी रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि उस्मान और इरफान ने वारदात को अंजाम देने के लिए लोनी और बागपत के लड़कों को कहा. दोनों ने उन लड़कों को कहा कि तुम लूटपाट करो और इसमें हमारा कट होगा. इस लूट के मामले में अनुज मिश्रा उर्फ सनकी भी शामिल था, जो दिल्ली जल बोर्ड के रिपोजिट्री वर्कशाप पर काम करता था. लॉजेस्टक सपोर्ट के लिए लूट में सुमित उर्फ आकाश को शामिल किया गया. सुमित सब्जी बेचने वाला है. पुलिस ने बताया कि इरफान इसे लेकर रेकी करने के लिए जाता था और कवर के तौर पर काम करता था.
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अमित और प्रदीप नाम के दो आरोपियों को पूर्वी उत्तर प्रदेश से पकड़ा है. 3 दिन तक आरोपियों ने रेकी कही और टार्गेट तलाशते रहते थे. गुरुवार को इन्हें कोई टारगेट नहीं मिला. शुक्रवार को भी कोई टारगेट नहीं मिला, लेकिन शनिवार को मिल गया. उस्मान ने ये जानकारी दी और इसके बाद इरफ़ान, बाला और सनकी गाड़ी में गए थे. टनल में टारगेट करने का मकसद था कि कोई मदद के लिए गाड़ी नहीं रोकेगा. पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के पास से दो मोटर साइकिल, एक हथियार, कार्जेट और पांच लाख रुपये बरामद किए है. इस मामले में अभी दो से तीन आरोपियों को और गिरफ्तार करना है.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि उन्होंने और भी वारदात की हो उस पर इंवेस्टिगेट कर रहे हैं. पुलिस के मुताबिक दो बाइक का इस्तेमाल हुआ था जिसमें एक अपाचे बाइक थी. अनुज उर्फ़ सनकी चला रहा था और अमित बाला पीछे बैठा था. दूसरी बाइक इरफ़ान चला रहा था और उसके पीछे जो शख़्स बैठा था उसके बारे में भी बताएंगे. दिल्ली पुलिस ने इस वारदात में एक गाड़ी और इस्तेमाल होने का जिक्र किया है. इस वारदात में एक स्कूटी के इस्तेमाल का भी जिक्र आ रहा है.
.
Tags: Crime News, Delhi news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 16:44 IST






