
भोपाल. भाजपा को साल 2014 के लोकसभा चुनाव में मिली एतिहासिक जीत की बड़ी वजह सोशल मीडिया को माना गया. 2019 में भी यही कहानी दोहराई गई लेकिन अब बीजेपी इस खेल में पिछड़ रही है. यही वजह है कि इस साल 5 राज्यों और अगले साल आम चुनाव में बीजेपी अपनी इस कमी की दूर करना चाहती है. इसलिए, मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भोपाल दौरा कार्यकर्ताओं को डिजिटल चार्ज करने वाला साबित हुआ.
भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है उसका कार्यकर्ता. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यही बात मंच से भी कही. यही कार्यकर्ता उसे न सिर्फ सारे दलों से अलग खड़ा करता है बल्कि कार्यकर्ता की वजह से ही आज देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है. इसी कार्यकर्ता को देश भर में डिजिटल एक्टिव करने के लिए प्रधानमंत्री ने हर बूथ के कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया. देशभर की 543 लोकसभा सीटों के दस लाख बूथों से कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन जोड़ा गया. मोदी ने यह बात अपने भाषण में भी कही कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का इस तरह का यह सबसे बड़ा कार्यक्रम है. वहीं, करीब तीन हजार बूथ स्तर के ऐसे कार्यकर्ताओं को भोपाल बुलाया गया जो कि डिजिटल रूप से सर्वाधिक एक्टिव है. इन्हें ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में शामिल किया गया. इसी के साथ बीजेपी ने यह संदेश भी दे दिया कि हर कार्यकर्ता की डिजिटल मॉनीटरिंग हो रही है. लिहाजा, जो भी कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा एक्टिव होगा, उसे सीधे पार्टी बुलाएगी. राजनीतिक विश्लेषकों का आकलन है कि मध्यप्रदेश में पार्टी अंतर्कलह व द्वंद से जूझ रही है, नेताओं में टकराव व संघर्ष की स्थिति है. लेकिन मोदी का यह दौरा इस मायने में अलग है कि इसमें कार्यकर्ता के लिए भी एक कार्यक्रम रखा गया. इससे नेताओं में भले ही मतभेद हो लेकिन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में पार्टी के लिए काम करने का माहौल बनेगा. कार्यकर्ताओं के लिए मोदी आईकॉन है तो वे जरूर उनकी बात मानेंगे.
यह भी पढ़ें : MP Election 2023: ‘अनकही’ राजनीति! साले साहब टिकट के दावेदार, टेंशन में जीजाजी
तीन हजार कार्यकर्ताओं के जुटाने से बड़ी बात उनके सिलेक्शन की
प्रधानमंत्री मोदी की रैली में ढाई-तीन हजार कार्यकर्ताओं का शामिल होना कौन सी बड़ी बात है? लेकिन यह कार्यकर्ता कौन होंगे इसके लिए भाजपा समेत कई एजेंसियों ने मिलकर एक लंबी चौड़ी तैयार की थी? मोदी सरकार ने पिछले नौ सालों में जिन योजनाओं का फायदा लोगों को दिया है उन हितग्राहियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं सेल्फी खींचकर ऑनलाइन अपलोड करना था. सबसे ज्यादा सेल्फी अपलोड करने वाले कार्यकर्ताओं को इस रैली में भौतिक तौर पर शामिल किया गया. मोदी की लोकप्रियता के कारण हर भाजपा कार्यकर्ता का सपना है कि उनके साथ किसी कार्यक्रम में शामिल हो. ऐसे में देशभर के कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक सेल्फी अपलोड करने की कोशिश की. इसके मायने साफ है कार्यकर्ताओं के बीच स्पर्धा कराकर उसे मजबूत करना है. भाजपा यह पूरी कवायद आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ ही अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव जीतकर खुद के दम पर सरकार बनाने के लिए कर रही है.
त्रिदेव का फॉर्मूला भी देश में लागू करने की तैयारी
भाजपा की एक ओर खास बात है. वो यह है कि जमीनी स्तर से आने वाले महत्वूपर्ण आईडिया को लागू करने में पार्टी देर नहीं करती है. मध्य प्रदेश भाजपा ने पिछले दिनों कार्यकर्ताओं के लिए “त्रिदेव” अभियान चलाया और नारा दिया “मेरा बूथ सबसे मजबूत”. “त्रिदेव” अभियान के तहत हर बूथ पर भाजपा के तीन कार्यकर्ता को तैनात किया जा रहा है. इससे पार्टी की पकड़ घर-घर तक करने की तैयारी है. यह कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक तो पहुंचाएंगे ही. साथ ही वे लोगों को सरकार की योजना का फायदा लेने में आने वाली परेशानियों का समाधान करने में भी मदद करेंगे. पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने पिछले दिनों राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस अभियान को लेकर प्रेजेंटेशन दिया था. इसमें बताया गया था कि प्रदेश के 64 हजार बूथों पर “त्रिदेव” अभियान शुरू किया गया है. इसके बाद ही तय किया गया था कि इस अभियान को पार्टी देशभर में शुरू करेगी. मोदी अपने दौरे में इस अभियान की शुरूआत देशभर में करेंगे. इसी तरह पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बूथ विस्तारक और पंच परमेश्वर योजना भी चला रही है. इसके तहत लगातार बैठकों का दौर पार्टी में चल रहा है यह सब कुछ भाजपा की चुनाव जीतने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति का हिस्सा है. इसके तहत पार्टी मतदाताओं से जीवंत संपर्क बनाए रखना चाहती है. भाजपा संभवत: अकेली ऐसी पार्टी होगी जो कार्यकर्ताओं के लिए इतनी योजनाएं संचालित कर रही है. हालांकि, इस पूरी योजनाओं को कितना फायदा मिल पाता है यह आने वाले विधानसभा चुनावों में स्पष्ट हो जाएगा.
.
Tags: Bhopal latest news, Madhya pradesh latest news, MP News big news, Narendra modi, PM Modi, Pm modi news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 16:54 IST






