कोई ओटीपी न करें किसी अनजान फोन कॉल पर साझा, हो जाएगा अकाउंट खाली, पढ़ें यह खबर

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोविंद कुमार/गोपालगंज. बिहार में सक्रिय झारखंड के दो साइबर अपराधियों को गोपालगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों साइबर अपराधी कोविड के बूस्टर डोज का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर कॉल करके ठगी करते थे. ओटीपी बताते ही वे बैंक अकाउंट खाली कर देते थे. दोनों के पास से मोबाइल और आधार कार्ड बरामद किया गया है.

गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाने के मुंडराडीह गांव के रहनेवाले जलील अंसारी के बेटे रहीश अंसारी और लातेहार जिले के बरियातू थाना क्षेत्र के श्रीसमद गांव के रहनेवाले करण गंझू के बेटे संजीत गंझू के रूप में की गई है. पूछताछ करने के बाद दोनों ने बूस्टर डोज के नाम पर कॉल कर ठगी करने की बात स्वीकार की है.

सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि साइबर थाना खुलने के बाद पहला मामला मीना देवी नाम की महिला ने 9 जून को दर्ज कराया था. उन्होंने बताया था कि बूस्टर डोज के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर 48 हजार रुपए की ठगी कर ली गई है. महिला ने बताया कि फोन करने वाले ने रजिस्ट्रेशन कराने के लिए ओटीपी मांगा था. ओटीपी देते ही महिला के अकाउंट से पैसे उड़ गए.

एसडीपीओ ने बताया कि टेक्निकल सेल की मदद से जांच के दौरान साइबर अपराधियों की पहचान की गई और झारखंड के रहने वाले दोनों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर गोपालगंज लाया गया. इस तरह से साइबर थाने की पुलिस ने बूस्टर डोज के नाम पर साइबर ठगी करनेवाले गिरोह का खुलासा किया.

साइबर अपराधी कोविड के बूस्टर डोज के रजिस्ट्रेशन के नाम पर पहले लोगों के पास मेसेज भेज रहे थे. फिर इस मेसेज के माध्यम से उनका नाम, आधार नंबर और अन्य जानकारी हासिल कर उनके मोबाइल पर आया ओटीपी नंबर यह कहकर मांगते थे कि इसके इस्तेमाल से ही बूस्टर डोज का निबंधन होगा. जैसे ही सामने वाला व्यक्ति अपना ओटीपी साझा करता तो साइबर ठग इसका इस्तेमाल कर उस व्यक्ति का बैंक खाता पल भर में खाली कर देता था. कोरोना के दूसरे दौर के दौरान भी साइबर अपराधियों ने रेमडेसिविर और इलाज के नाम पर गोपालगंज समेत दूसरे जिलों में रहने वाले कई लोगों को अपना शिकार बनाया था. हालांकि बाद में कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने ऐसे कई साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी.

Tags: Cyber Crime News, Gopalganj news, Local18

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें