
सृजित अवस्थी/पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कुछ लोगो थैलेसीमिया से ग्रसित मरीज़ों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार शहर के अधिकांश ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता उतनी नहीं रहती जितनी आवश्यक है. ऐसे में थैलेसीमिया से पीड़ित मरीज़ों और उनके परिवार के लोगों को ख़ासी समस्या से जूझना पड़ता है.
दरअसल, पीलीभीत जिले भर में थैलेसीमिया के काफी मरीज मौजूद हैं. इन मरीज़ों को इलाज के साथ ही साथ समय-समय पर रक्त की आवश्यकता भी पड़ती रहती है. पीलीभीत शहर में प्राइवेट व सरकारी कुल मिलाकर तीन ब्लड बैंक मौजूद हैं. लेकिन ज़िलेभर की तमाम ज़रूरतों को देखते हुए जितनी यूनिट रक्त यहाँ पर होना चाहिए वह अधिकांश उपलब्ध नहीं रहता है. ऐसे में थैलेसीमिया से पीड़ित लोगों को व उनके परिजनों को ख़ासी समस्या से जूझना पड़ता है और उनके पास बरेली का रुख़ करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता.
इस दिन आयोजित होगा रक्तदान शिविर
शहर के समाजसेवी दीपू अग्रवाल ने बताया कि उनके कुछ परिचितों के बच्चे थैलेसीमिया पीड़ित हैं. कई बार रक्त के लिए उनको परेशान होते देखा है. ऐसे में थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों के लिए डेडीकेटेड रक्तदान शिविर आयोजित करने का विचार आया है. 30 जून को शहर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा. न्यूज़ 18 लोकल के माध्यम से लोगों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर रक्तदान कर थैलेसीमिया मरीजों की मदद करें.
क्या है थैलेसीमिया
थैलेसीमिया रोग पर अधिक जानकारी देते हुए पीलीभीत के वरिष्ठ फिजीशियन डॉक्टर अनिल सक्सेना ने बताया कि यह एक जेनेटिकल बीमारी है. यह कई बार माता पिता से बच्चों में पहुंच जाती है. इस बीमारी के चलते मरीज़ के शरीर में रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया कमज़ोर हो जाती है. ऐसे में कई बार मरीज़ एनीमिया से पीड़ित भी हो जाता है. ऐसे मरीज़ों को कई बार रक्त की आवश्यकता पड़ती है.
.
Tags: Local18, Pilibhit news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 11:44 IST






