Rajasthan Bhilwara Monsoon Today: भीलवाड़ा में प्री-मॉनसून ने दी दस्तक, अच्छी खेती की उम्मीद, मेनाल के प्राकृतिक झरने का रूप खिला


रवि पायक/भीलवाड़ा. प्रदेश सहित भीलवाड़ा जिले भर में प्री-मॉनसून ने अपनी दस्तक दे दी है. प्री-मॉनसून की पहली बारिश ने भीलवाड़ा जिले भर को अच्छे से भिगो दिया है. प्री-मॉनसून बारिश से भीलवाड़ा जिले में कुछ जगहें लबालब हो गईं और जीवन अस्त-व्यस्त हो गया.

बता दें कि जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है. इसमें मांडलगढ़ और बिजौलिया में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. उमरमाल के जंगल क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से प्रदेश में अपनी खास पहचान रखने वाला मेनाल का प्राकृतिक झरना चलने लग गया है. ऐसे में इस जगह पर पिकनिक मनाने वाले लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी. यह झरना अपने पूरे सौंदर्य के साथ उफान से बह रहा है.

अच्छी फसल की उम्मीद

शहर की बात करें तो देर शाम को घने काले बादलों ने तेज हवा के साथ अपना डेरा डाल दिया. जिसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इससे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया. अच्छी बारिश के चलते जिले के तापमान में भी काफी गिरावट आई है. प्री-मॉनसून की पहली बारिश अच्छी होने के चलते किसानों की फसलों को अच्छा फायदा होगा. किसानों के चेहरे अच्छी फसल की उम्मीद से खिल उठे हैं. मौसम विभाग ने भी भीलवाड़ा जिले में अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं.

जानें कहां हुई कितनी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया में 25 एमएम बारिश हुई. इसके अलावा सहाड़ा में 20 एमएम, पारोली में 18 एमएम , शकरगढ़ में 16 एमएम, करेड़ा 11 एमएम, हुरड़ा व बदनोर में 5-5 एमएम बारिश हुई. इसके साथ ही शनिवार की बात की जाए तो भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ में 91 एमएम, बिजौलिया के 85 एमएम, कोटड़ी में 81 एमएम, मांडल में 65 एमएम बारिश दर्ज की गई.

Tags: Bhilwara news, Local18, Pre Monsoon Rain

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More