MP News: पीएम मोदी अब 1 जुलाई को आएंगे शहडोल, सीएम शिवराज ने बताया नया शेड्यूल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


भोपाल. मध्यप्रदेश में बारिश की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 27 जून को होने वाला शहडोल दौरा स्थगित हो गया है. अब पीएम मोदी यहां 1 जुलाई को पहुंचेंगे और सिकल सेल एनीमिया के खात्मे को लेकर एक बड़े अभियान की शुरुआत करेंगे. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारी बारिश की संभावना के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लालपुर और पकरिया का कार्यक्रम स्थगित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शहडोल दौरा अब 1 जुलाई को होगा. इसके साथ ही उनका भोपाल का दौरा यथावत ही है. मंगलवार को पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शहडोल दौरा स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने शहडोल का नया कार्यक्रम जारी किया है. पीएमओ की ओर से दूसरा समय तय होने के बाद सीएम शिवराज ने जो कार्यक्रम साझा किया है उसके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 जुलाई 2023 को दोपहर 3 बजे शहडोल जिले के लालपुर और पकरिया में होने वाले कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे. शहडोल में पीएम मोदी सिकल सेल के खात्मे को लेकर एक बड़े अभियान की शुरुआत करेंगे.

शहडोल में हो गई थी भोज की तैयारी
बता दें, शहडोल में पीएम मोदी के जोरदार स्वागत और भोज की तैयारी हो गई थी. उन्हें यहां वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होना था. वे लालपुर मैदान से जनसभा को संबोधित करने वाले थे. पीएम मोदी यहीं से 17 राज्यों के लिए सिकलसेल एनीमिया मिशन का शुभारंभ भी करने वाले थे. इसके अलावा अन्य योजनाओं में हितग्राही को लाभ वितरण भी करने वाले थे. भोज के लिए राज्य सरकार ने उनका मेन्यू तैयार कर लिया था. इस मैन्यू के मुताबिक, पीएम मोदी को पेय पदार्थ के लिए रोजलेट्टा अमरूद का शरबत, बेल शरबत, आम का पना दिया जाना था, इसके अलावा मैन्यू में कोदो भात, कुटकी खीर, ज्वार मक्के की रोटी, इंद्रहर की कढ़ी, कमल ककड़ी की सब्जी, हल्दी का अचार और महुआ के व्यंजन में खीर या लड्डू को शामिल किया गया था. सारा खाना चूल्हे पर ही बनना था.

पीएम मोदी का भोपाल का कार्यक्रम
गौरतलब है किए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 8.35 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे और 9.50 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे 10.15 बजे भोपाल एयरपोर्ट से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे. 10.30 बजे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के लिए रवाना होंगे. 11 बजे तक रानी कमलापति स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. वे 11.05 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड मैदान के लिए पीएम मोदी रवाना होंगे. पीएम नरेंद्र मोदी 11.15 से 12.15 तक मेरा बूथ सबसे मजबूत बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे. 12.30 बजे भोपाल की लाल परेड मैदान से हवाई मार्ग से भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. पीएम मोदी 12.55 बजे भोपाल से जबलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे.

Tags: Bhopal, Pm narendra modi, Shahdol News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें