प्रतिबंधित साइलेंसर लगाने वाले ‘बुलेट राजाओं’ पर कार्रवाई, बहाने सुनकर चौंक जाएंगे आप!

आकाश गौर/मुरैना: बुलेट का नाम सुनकर ही एक रॉयल सी फीलिंग आती है. हालांकि, इसकी आवाज भी रौब वाली होती है, लेकिन कई बाइक चालक इसमें तेज आवाज वाला साइलेंसर फिट करवाकर लोगों का ध्यान खींचना चाहते हैं. इनकी इसी हरकत से कई बार अन्य वाहन चालक या राहगीर चौंक जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं.

चंबल के मुरैना में ऐसे बुलेट राजाओं पर कार्रवाई की गई, जो बुलेट में प्रतिबंधित तेज आवाज वाला साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण के साथ ही दुर्घटनाओं का सबब बन रहे थे. मुरैना पुलिस द्वारा इनके साइलेंसर को खोलकर जब्त किया जा रहा है. साथ ही चालानी कार्रवाई भी की जा रही है.

अजब-गजब तर्क
वहीं, कुछ बुलेट राजाओं का इस पर अलग ही मत है, इनका कहना है कि अब बुलेट ली है तो आवाज जरूरी है, यह हमारी शान का प्रतीक है, यदि ऐसा नहीं करना होता तो कोई छोटी और सस्ती बाइक ही ले लेते. एक बुलेट चालक भोलू गुर्जर का कहना था कि इस आवाज के कारण ही गाड़ी की पहचान होती है, यही तो शान है. अगर इसको खोल लेंगे तो हमारी क्या पहचान होगी. इस प्रकार एक और चालक दम दिखाते हुए बोला साइलेंसर खोल लिया तो क्या अब दोबारा लगवा लेंगे, हमारी गाड़ी ऐसे ही चलेगी.

दोबारा पकड़ा तो भारी चालान
वहीं यातायात थाना प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि हमने आज ऐसी 25 बुलेट बाइक पकड़ी हैं, जो तेज आवाज कर रही थीं. इन पर चालानी कार्रवाई करने के बाद सख्त हिदायत देकर छोड़ा है. कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. यदि फिर से पकड़े जाते हैं तो चालान भी भारी भरकम लगाया जाएगा.

Tags: Local18, Morena news, Mp news, Traffic rules

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More