
अज़हर खान/सिवनी: सिवनी में आबकारी विभाग द्वारा करीब 61 लाख रुपये कीमत की विदेशी शराब पर बुलडोजर चला कर नष्ट करने की बड़ी कार्रवाई की गई है. आबकारी विभाग ने इस पूरी कार्रवाई शनिवार की दोपहर को अंजाम दिया. दरअसल, सिवनी के विदेशी शराब भंडारगृह आमा झिरिया में अनावश्यक रूप से संग्रहित, अविक्रित एवं अमानक विदेशी शराब कई दिनों से भंडारित थी.
आबकारी विभाग द्वारा इस बात की जानकारी आबकारी आयुक्त ग्वालियर मध्यप्रदेश को उपलब्ध कराई गई थी. आबकारी आयुक्त ने नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए इस उपयोग विहीन शराब को नष्ट करने के आदेश जारी किए थे और सिवनी आबकारी विभाग ने आबकारी आयुक्त के आदेश के परिपालन में यह पूरी कार्रवाई की है.
समिति की निगरानी में कार्रवाई
जिला आबकारी अधिकारी शैलेश जैन ने बताया कि कार्रवाई आबकारी विभाग की समिति की निगरानी मे संपन्न की गई है. इस समिति में तहसीलदार और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल थे. यह शराब विगत कई महीनों से आबकारी विभाग के विदेशी शराब भंडारगृह में रखी हुई थी, जिस शराब को नष्ट किया जाना था. पहले उसे भंडार ग्रह से बाहर लाकर परिसर में रखा गया.
6212 पेटियां नष्ट
आगे बताया कि शराब की पेटियों की गिनती की गई. इसके बाद शराब नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई. सिवनी विदेशी मदिरा भंडारगृह में स्प्रिट किस्म शराब की 2170 पेटियां एवं बीयर की 4042 पेटियां, कुल 6212 पेटियों पर बुलडोजर चलाकर नष्ट करने की कार्रवाई की गई. नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 61 लाख 4113 रुपए बताई जा रही है.
.
Tags: Local18, Mp news, Seoni news
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 23:02 IST





