
आशुतोष तिवारी/रीवा: मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के साथ रीवा में भी मानसून ने दस्तक दे दी है. देरी से ही सही, लेकिन मानसून की आमद के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. झमाझम बारिश से किसान भी खुश हैं. अब वे समय पर फसल की बोवनी कर सकेंगे.
मानसून की दस्तक के साथ ही रीवा में तेज हवाओं के साथ बारिश का मौसम बना रहा. तीन दिनों की बात करें तो शनिवार को करीब घंटे भर से अधिक समय तक तेज पानी गिरा. इस अवधि में जिले में 31 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई. फिर रविवार सुबह तक आसमान में बादल मंडराते रहे, लेकिन दोपहर होने तक तेज धूप निकल आई. हालांकि, सोमवार सुबह से ही जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के असर दिखाई दिए.
रीवा शहर में भी बूंदाबांदी के साथ तेज हवाओं का असर दिखा. शाम ढलने के बाद आसमान में पुनः बादल गहरा गए. इस दौरान जिले में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हुई. जिले में बादलों के होने से अभी और तेज बारिश की उम्मीद बनी हुई है. खास बात यह है कि लोगों को धूप के कड़े तेवर और भयंकर गर्मी से राहत मिली है.
तेज बारिश के बने आसार
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से नमी आ रही है. वहीं बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बना हुआ है. इन कारणों से जिले में वर्षा की संभावना जताई गई है. पिछले वर्षों के मुताबिक इस वर्ष करीब 4 दिन की देरी से मानसून जिले में दाखिल हुआ है. हालांकि, मानसून पहुंचने के बाद जिले के अधिकांश इलाकों में झमाझम वर्षा हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं.
.
Tags: Local18, Monsoon Update, MP weather, Rewa News
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 22:02 IST





