
अशोक यादव/कुरुक्षेत्र: वह दौर बीत चुका है, जब खेती घाटे का सौदा होती थी. आधुनिक खेती कर हरियाणा के किसान खुशहाल हो रहे हैं. कुरुक्षेत्र के गांव चतुर्भुज माजरा में अनविंदर तंवर इसकी एक मिसाल हैं. किसान अनविंदर तंवर ड्रैगन फ्रूट की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. हरियाणा में ड्रैगन फ्रूट की खेती बहुत कम होती है. लेकिन अनविंदर ड्रैगन फ्रूट की खेती कर दूसरे किसानों को नई राह दिखा रहे हैं, जिस पर चलकर बाकी किसान भी अपने आर्थिक हालात सुधार सकते हैं.
यूट्यूब पर देखकर शुरू की ड्रैगन फ्रूट की खेती
किसान अनविंदर तंवर ने बताया कि वह 4 वर्षों से ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं. अब तक लागत से ज्यादा मुनाफा कमा चुके हैं. अरविंदर तंवर ने यूट्यूब पर देख कर इस खेती की शुरुआत की थी और पिछले 3 वर्षों से वह इस फसल से मुनाफा कमा चुके हैं. ड्रैगन फ्रूट में पानी की भी बहुत कम खपत होती है और इसके बीच में आप दूसरी फसल भी लगा सकते हैं. ड्रैगन फ्रूट की खेती लगभग 5 महीने चलती है और किसान का जितना भी खर्च होता है उससे 3 गुना फायदा दे रही है.
ड्रैगन फ्रूट की खेती पर सरकारी सब्सिडी
सरकार भी ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दे रही है. सरकार की ओर से एक एकड़ पर ₹1,50,000 सब्सिडी दी जा रही है. जिससे किसान ड्रैगन फ्रूट की खेती कर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं. किसान अनविंदर ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट की खेती पर एक बार ही खर्च आता है. उसके बाद इसकी देखरेख की जाती है और यह पौधा फल देता रहता है. साफ तौर पर पारंपरिक खेती में किसान की मेहनत और लागत ज्यादा लगती है, जिससे मुनाफा कम होता है. इस कारण किसानों की आर्थिक हालत नहीं सुधर रही.
.
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 16:54 IST





