
उधव कृष्ण/पटना. लंबे इंतजार के बाद यात्रीगण अब जल्द ही वंदे भारत ट्रेन से सफर कर पाएंगे. 28 तारीख से यह ट्रेन चलेगी और पटना से रांची की टिकट की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. यह ट्रेन 6 घंटे से भी कम समय में तकरीबन 5 घंटे 55 मिनट में रांची से पटना पहुंच जाएगी. वहीं, पटना से रांची पहुंचने में इस ट्रेन को पूरे 6 घंटे लगेंगे. इसका किराया भी तय कर दिया है. बता दें कि वंदे भारत ट्रेन 27 जून को उद्घाटन के बाद रांची स्टेशन से 10.30 बजे सुबह पटना के लिए प्रस्थान करेगी. प्रधानमंत्री मोदी हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को रवाना करेंगे. बता दें कि आम जनता 28 जून से इस ट्रेन से यात्रा कर सकेगी.
पटना-रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन का किराया जानने को लेकर भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी. अब टिकट काउंटर और वेबसाइट दोनों जगहों से इसकी टिकट ली जा सकती है. वहीं, बिहार दैनिक यात्री संघ के महासचिव शोएब कुरैशी की मानें तो पटना से रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के किराए की तुलना में वंदे भारत का किराया अधिक है. बता दें कि पटना से रांची के बीच एग्जीक्यूटिव क्लास में सफर करने का किराया 1930 रुपये और चेयर कार का 1025 रुपये रखा गया है. वहीं, पटना से गया के बीच चेयर कार का किराया 650 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1070 रुपये होगा. जबकि पटना से गया की दूसरी सिर्फ 95 किलोमीटर है. वहीं, जनशताब्दी का किराया 650 रुपये है. दोनों ट्रेनों के रात में पटना पहुंचने का अंतर सिर्फ 15 मिनट का है. वंदे भारत जहां रात 10.05 बजे पटना पहुंचेगी. वहीं, जन शताब्दी रात 10.20 बजे पहुंचेगी. हालांकि, जनशताब्दी एक्सप्रेस 2.5 घंटे पहले रांची स्टेशन से खुलेगी. हालांकि किराए के मामले में जनशताब्दी ट्रेन वंदे भारत ट्रेन से करीब 50 प्रतिशत किफायती साबित होगी. वहीं, रांची से पटना के लिए एसी बस का किराया भी 600 रुपये है. स्लीपर बस में भी 700 से 800 रुपये तक की टिकट मिल जाती है. इस लिहाज से बस की तुलना में भी वंदे भारत में सफर काफी महंगा होगा.
यहां सस्ता मिलेगा टिकट
बहरहाल, काउंटर और ऑनलाइन दोनों तरह की टिकट बुकिंग में आपको काउंटर से टिकट लेना कुछ सस्ता पड़ेगा. आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से टिकट लेने पर आपको सर्विस टैक्स व अन्य शुल्क भी चुकाने होंगे.
जान लें ट्रेन का पूरा शेड्यल
रांची से पटना वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन के समय और हर दिन संचालन की समय की घोषणा पहले ही कर दी गई है. 27 जून की सुबह 10.30 बजे रांची से हरी झंडी दिखाई जाएगी. शाम 4.25 बजे वंदे भारत ट्रेन पटना जंक्शन पहुंचेगी. अगले दिन से यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह सात बजे पटना से रांची के लिए प्रस्थान करेगी.
ये है पटना टू रांची का पूरा रूट चार्ट
पटना से 28 जून को (22349) पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन सुबह 7 बजे खुलकर 8.25 बजे गया पहुंचेगी. इसके बाद 09.35 बजे कोडरमा, 10.33 बजे हजारीबाग, 11.35 बजे बरकाकाना और 12.20 बजे मेसरा होते हुए 13.00 बजे रांची जंक्शन पहुंचेगी. वहीं, वापसी में (22350) रांची-पटना वंदे भारत रांची से दोपहर 16.15 बजे खुलेगी. ट्रेन 16.35 बजे मेसरा, 17.30 बजे बरकाकाना, 18.30 बजे हजारीबाग, 19.30 बजे कोडरमा और 20.45 बजे गया होते हुए रात 22.05 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.
.
Tags: Bihar News, Indian Railways, Irctc, Local18, Vande bharat train
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 16:53 IST





