
आदित्य कृष्ण/अमेठी. लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर कई रेलगाड़ियां लंबे समय से निरस्त (रद्द) हैं. ट्रेन कैंसिल होने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है. ऐसे में लोगों के ज्यादा पैसे खर्च कर प्राइवेट वाहनों से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा. ट्रेनें लंबे समय से निरस्त होने के कारण लखनऊ और प्रयागराज जाने वाली बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है. यात्रियों ने रेलवे से रद्द किये गये ट्रेनों के संचालन की मांग की है.
अमेठी की बात करें तो लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर फुर्सतगंज, जायस बनी गौरीगंज, अमेठी प्रमुख रेलवे स्टेशन है. इन स्टेशनों से गुजरने वाली 10 जोड़ी ट्रेनें कैंसिल हैं. निरस्त ट्रेनों की सूची में लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी, कानपुर सेट्रल इंटरसिटी, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस लंबे समय से कैंसिल हैं. इसके अलावा, अमेठी रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें भी रूकती हैं. इस कारण से भी यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है.
ट्रेनें कैंसिल होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
यात्रा करने आए शिवकुमार पांडेय ने बताया कि हम सभी को काफी असुविधा हो रही. पहले हम लंबी लाइन लगा कर टिकट कराते हैं, बाद में पता चलता है कि ट्रेन निरस्त है. इस रूट की 10 ट्रेनें निरस्त है जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हो रही. कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हुआ. हमारी मांग है कि कैंसिल की गई ट्रेनों का जल्द संचालन हो.
स्टेशन मास्टर प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे दोहरीकरण का काम चल रहा है. साथ ही, कुछ अन्य कार्य प्रगति पर है. इसके कारण कई ट्रेनों को निरस्त किया गया. हालांकि अन्य स्थानों के लिये ट्रेन चल रही है. जो ट्रेनें निरस्त हैं, उनको भी जल्द शुरू कराया जाएगा.
.
Tags: Amethi news, Indian Railways, Local18, Train Cancel, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 15:39 IST





