
शाश्वत सिंह/ झांसी. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर झांसी में भी कॉरिडोर बनाने की मांग उठी है. झांसी के लोगों और विधायक रवि शर्मा द्वारा प्रसिद्ध मढ़िया महादेव मंदिर पर कॉरिडोर बनाने की मांग उठाई है. इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी भी लिखी गई है. जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा इस पर अपनी संस्तुति दे दी गई है. कॉरिडोर को बनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि वह जगह का मुआयना करें और अपनी रिपोर्ट दें.
बता दें कि मढ़िया महादेव मंदिर धार्मिक के साथ ऐतिहासिक महत्व का भी स्थान है. मंदिरों की श्रृंखला को गोसाई राजाओं द्वारा बनवाया गया था. अलग-अलग मंदिरों में कहीं देवी देवताओं की पूजा होती थी. प्रमुख तौर पर भगवान शिव के मंदिर में लोग उपासना करते थे, लेकिन समय के साथ मंदिर पर अतिक्रमण होने लगा. कुछ सालों पहले मढ़िया महादेव को अतिक्रमण से मुक्त करवाकर संरक्षित स्मारक के रूप में विकसित किया गया. यह मंदिर राजनीतिक संघर्ष का भी केंद्र रहा है. इसके अलावा मढ़िया महादेव मंदिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की अदावत का प्रमुख केंद्र रहा है.
अतिक्रमण हटेगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
झांसी से विधायक रवि शर्मा ने बताया कि मढ़िया महादेव मंदिर झांसीवासियों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है. भगवान शिव के उपासक बड़ी संख्या में यहां आते हैं. अतिक्रमण होने की वजह से मंदिरों की खूबसूरती खत्म हो गई थी. लंबे संघर्ष के बाद एक हिस्से को अतिक्रमण मुक्त करवाकर मंदिर को दोबारा स्थापित किया गया था. अभी कई ऐसे मंदिर हैं, जो अतिक्रमण का शिकार है. कॉरिडोर बनने से एक तरफ जहां अतिक्रमण से मुक्ति मिलेगी, तो वहीं दूसरी ओर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 14:51 IST





